Home > राज्य > अन्य > बिहार > भागलपुर में यात्रियों से भरी नाव पलटी, एक की मौत, कई लापता

भागलपुर में यात्रियों से भरी नाव पलटी, एक की मौत, कई लापता

भागलपुर में यात्रियों से भरी नाव पलटी, एक की मौत, कई लापता
X

भागलपुर। बिहार के भागलपुर में गंगा नदी में यात्रियों से भरी एक नाव पलट गई। बताया जा रहा है कि नाव पर करीब 100 लोग सवार थे। इनमें से तमाम लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। कई लोगोंं की तलाश अब भी जारी है। अभी तक एक महिला का शव नदी से निकाला गया है।

मिली जानकारी के अनुसार भागलपुर के गोपालगंज थाना क्षेत्र के नवगछिया के गोपालापुर तीन टंगा जहाज घाट के पास यह हादसा हुआ। नाव पर सवार लोगों में कई महिलाएं और बच्‍चे भी थे। जिस महिला का शव मिला है उनकी पहचान कर ली गई है। अस्पताल में भर्ती होने वालों में मनीषा कुमारी, चांदनी देवी, रानी देवी, खैरा देवी, शर्मिला देवी, प्रेमलता देवी, इंदिरा देवी और प्रमिला देवी शामिल हैं। स्‍थानीय लोगों के अनुसार दर्शनियां धार में तेज बहाव में चल रहे भंवर में फंस जाने के चलते नाव पलट गई।

नाव पर तिनटंगा करारी गांव से मजदूर और किसान गंगा पार दियारा स्थित अपने खेतों में मकई की बुआई करने के लिए निकले थे। इनमें कई महिलाएं और बच्‍चे भी थे। लोगों ने नाव पर खाद और बीज भी लाद रखा था। नाव महतो बहियार घाट से रवाना हुई। एक साथ दो नावें रवाना हुई थीं। थोड़ी देर तक सब कुछ ठीक ठाक था। लेकिन जैसे ही नाव दर्शनियां धार में गई वहां के तेज बहाव के चलते भंवर में फंस गई। देखते ही देखते नाव पलट गई। साथ रवाना हुई दूसरी नाव में भी पानी भरने लगा तो लोगों ने कूदकर अपनी जान बचाई। प्रत्‍यक्षदर्शियों के अनुसार उस वक्‍त दियारा जा रहे अन्य गांवों के लोग भी घाट पर मौजूद थे। उन्‍होंने तत्‍काल लोगों को बचाना शुरू किया। कई लोगों को नदी से सुरक्षित निकालकर अस्‍पताल पहुंचाया।

सूचना पर गोपालपुर थाने की पुलिस के अलावा जिले के प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे गए हैं। एसडीआरएफ की टीम भी पहुंची है। गोताखोर, स्‍थानीय लोगों की मदद से रेस्‍क्‍यू ऑपरेशन चला रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार अभी भी करीब 20 लोग लापता हैं। नदी से सुरक्षित निकाले गए लोगों को पानी में कुछ समय तक डूबे रहने की वजह से एहतियातन गोपालगंज सामुदायिक स्‍वास्‍थ्‍य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

Updated : 5 Nov 2020 7:48 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

Swadesh Digital

स्वदेश वेब डेस्क www.swadeshnews.in


Next Story
Top