बिहार: CM नीतीश ने की सफाई कर्मचारियों के लिए महत्वपूर्ण घोषणा, अधिकारों की रक्षा के लिए होगा आयोग का गठन

CM नीतीश ने की सफाई कर्मचारियों के लिए महत्वपूर्ण घोषणा
Bihar Election Announcements : पटना। बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक और महत्वपूर्ण घोषणा की है। उन्होंने कहा है कि, सफाई कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए बिहार सरकार द्वारा एक आयोग का गठन किया जाएगा। यह आयोग सफाई कर्मचारियों से जुड़े अनेक विषयों पर सरकार को सुझाव देगा। इसके पहले सीएम नीतीश कुमार द्वारा युवा आयोग के गठन की बात भी कही गई थी।
नीतीश कुमार ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा - 'मुझे यह बताते हुए प्रसन्नता हो रही है कि बिहार राज्य में सफाई कर्मचारियों के अधिकारों एवं हितों की सुरक्षा, कल्याण, पुनर्वास, सामाजिक उत्थान, शिकायतों के निवारण तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की निगरानी सुनिश्चित करने के लिए मैंने बिहार राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के गठन का विभाग को निर्देश दिया है। यह आयोग सफाई कर्मियों के हितों से संबंधित सुझाव, उनके अधिकारों की सुरक्षा के संबंध में सरकार को सुझाव देगा तथा सफाई कार्यों में लगे लोगों से संबंधित कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा कर उसे लागू करवाने हेतु समुचित कार्रवाई करेगा।'
महिला - ट्रांसजेंडर भी होंगे आयोग में शामिल :
बिहार राज्य सफाई कर्मचारी आयोग में एक अध्यक्ष, एक उपाध्यक्ष एवं पांच सदस्य होंगे, जिनमें एक महिला/ट्रांसजेंडर होंगे। यह आयोग राज्य में सफाई कार्यों से जुड़े समाज के वंचित वर्ग के लोगों को मुख्य धारा में जोड़ने तथा उनके सामाजिक एवं आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
चुनावी साल में एक अन्य घोषणा :
बिहार में इस साल के अंत में चुनाव है और नीतीश कुमार की यह घोषणा उनके द्वारा की गई अनेक घोषणाओं की श्रंखला में सबसे नई है। रविवार सुबह को नीतीश कुमार ने एक्स पर आयोग के गठन की जानकारी दी है।
