पाक सेना पर बड़ा हमला: BLA ने IED बम से उड़ाई गाड़ी, 12 जवानों की मौत

BLA Carried out IED Blast on Pak Army Vehicle : बलूचिस्तान। बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने पाकिस्तान सेना पर बड़ा हमला किया है। बलूच लिबरेशन आर्मी ने पाकिस्तान सेना के वाहन को IED ब्लास्ट के जरिए निशाना बनाया है। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, यह हमला बलूचिस्तान के मांकुंड क्षेत्र में हुआ, जिसमें पाकिस्तानी सेना के 12 जवान मारे गए हैं। सूत्रों के अनुसार, यह हमला रिमोट कंट्रोल IED से किया गया और BLA ने इसकी जिम्मेदारी ली है। सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है, इलाके में तलाशी अभियान जारी है।
बलूच लिबरेशन आर्मी ने पर्चा जारी कर हमले की जिम्मेदारी ली है। पर्चे में कहा गया है कि, बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) के लड़ाकों ने केच जिले के तिगरान इलाके के कल्लग में पाकिस्तानी सेना के वाहनों और मोटरसाइकिलों के काफिले पर बमबारी की। काफिले में शामिल एक वाहन बलूच लड़ाकों द्वारा लगाए गए आईईडी की चपेट में आकर पूरी तरह नष्ट हो गया, जिसके परिणामस्वरूप पाकिस्तानी सेना के एक अधिकारी मेजर नदीम अब्बास सहित छह कर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।
हमले में मारे गए मेजर नदीम बलूचिस्तान के केच जिले में पाकिस्तानी सेना द्वारा संचालित आपराधिक गिरोहों के तथाकथित मौत दस्तों के गठन और नेतृत्व में सीधे तौर पर शामिल थे, जिसमें क्षेत्र में सैन्य अभियानों में नागरिकों को निशाना बनाना भी शामिल था। मेजर नदीम क्षेत्र में ड्रग डीलरों को सुरक्षा प्रदान कर रहे थे और बलूच स्वतंत्रता सेनानियों के खिलाफ उन्हें हथियार मुहैया कराने में शामिल थे।
पाकिस्तान सेना की गाड़ी पर हमले का वीडियो भी सामने आया है। इस वीडियो में एक आईईडी धमाका देखा जा सकता है। वहीं धमाके के बाद से पाकिस्तानी सेना की गाड़ी के चीथडे़ उड़ गए। इस हमले के बाद गाड़ी में सवार 12 पाकिस्तानी सैनिकों की मौत हो गई है। धमाका इतना जोरदार था कि विस्फोट के बाद गाड़ी का पता तक नहीं चला। पाकिस्तानी सेना की गाड़ी पर हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यहाँ देखिये वीडियो
