SwadeshSwadesh

ताजिया जुलूस को लेकर दूसरे दिन भी तनाव, पुलिस की लापरवाही से गहराया विवाद

Update: 2018-09-22 09:59 GMT

कुशीनगर/स्वदेश वेब डेस्क।कुशीनगर के कसया थाना क्षेत्र के दीघवा बुजुर्ग गांव में ताजिया जुलूस को लेकर हुए विवाद के चलते तनाव दूसरे दिन शनिवार को भी बना रहा। मौके पर पुलिस व पीएसी बल कैम्प कर रहा है। बावजूद इसके दोनों समुदाय के लोग शनिवार सुबह आमने सामने आ गए।

जानकारी होते ही एसडीएम प्रमोद कुमार तिवारी, सीओ ओमपाल सिंह, थानाध्यक्ष शैलेश कुमार सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराया। ताजिया के जुलूस के रास्ते को लेकर गांव के दोनों पक्ष के बीच पूर्व में समझौता हुआ था। शुक्रवार को समझौता के विपरीत जुलूस ले जाने को लेकर दोनों वर्ग के लोग आमने-सामने आ गए थे। मौके पर पहुंचे पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने विवादित रास्ते से ही जुलूस निकलवा कर किसी तरह राहत पाई। शनिवार सुबह उसी मामले को लेकर कमलेश व शदिक अंसारी के परिवार की महिलाएं आपस में उलझी तो पुनः दोनों पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। एसडीएम तिवारी ने बताया कि मामले को शांत करा दिया गया है। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस कैंप कर रही है। दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है।

पुलिस की लापरवाही उजागर: थाना क्षेत्र के दो गांव कुरहवा व दीघवा बुजुर्ग में ताजिया जुलूस को लेकर उपजे विवाद में पुलिस की लापरवाही सामने आई है। दरअसल दोनों जगह पुलिस रास्ते को लेकर पूर्व में सम्बंधित पक्ष में समझौता करा चुकी थी। जुलूस आने जाने का मार्ग निर्धारण हो गया था। दोनों पक्ष नई गैर विवादित व्यवस्था पर सहमत भी हो गए थे। पर जुलूस के दिन समझौते का अनुपालन कराने के लिये पुलिस व प्रशाशनिक व्यवस्था चौकस नही रही। चन्द जवानों के भरोसे व्यवस्था छोड़ दी गई। यहीं खुराफाती तत्वों को मौका मिल गया और समझौते के विपरीत जाकर उन्होंने निर्धारित तय मार्ग के बजाय विवादित मार्ग से जुलूस निकाल दिया। जिसके कारण विवाद भड़क गया। जिसके बाद से गांव के शांतिप्रिय लोग पुलिस प्रशासन की लापरवाही को भी घटना के लिये जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।

Similar News