SwadeshSwadesh

मोदी और योगी के कारवां को आगे बढ़ाएगी ट्रिपल इंजन की सरकार: बिहारी लाल

महापौर और 60 पार्षदों ने ली शपथ

Update: 2023-05-26 20:20 GMT

 झांसी। हम प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी के सिपाही हैं। उनके कारवां को आगे बढ़ाने का काम करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में देश विश्वगुरु बनने के रास्ते पर चल रहा है, जिसमें ट्रिपल इंजन की सरकार अहम भूमिका निभाएगी। ये बातें विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने का काम होगा। ये बातें निर्वाचित महापौर बिहारी लाल ने नगर निगम झांसी के गठन के बाद झांसी के चौथे महापौर के रूप में शपथ लेने के दौरान कही। महापौर बिहारी लाल आर्य ने कहा कि झांसी शहर के विकास के लिए मोदी सरकार और योगी सरकार की योजनाओं को प्राथमिकता के साथ लागू कराएंगे। लोगों की व्यक्तिगत समस्या हो या सार्वजनिक समस्या, सबके समाधान के लिए हमेशा उपलब्ध रहेंगे। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई व्यापारियों और आम लोगों की सहमति से की जाएगी। महापौर के साथ-साथ नगर निगम के साठ पार्षदों ने भी पद की शपथ ली। मुक्ताकाशी मंच पर आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में मंडलायुक्त डॉ. आदर्श सिंह ने पहले महापौर को शपथ दिलाई। फिर महापौर ने पार्षदों को शपथ ग्रहण कराई। सबसे पहले बिहारी लाल आर्य ने मंच पर घुटने के बल बैठकर सबको प्रमाण किया। इसके बाद उनको लाल रंग का गाउन पहनाया गया। फिर मंडलायुक्त ने उनको गदा भेंट की।

लोगों को संबोधित करते हुए महापौर बिहारी लाल आर्य ने कहा कि, एनजीटी ने महानगर में 5 हजार लोगों को घर गिराने के नोटिस दिए हैं। मैंने चुनाव के दौरान कहा था कि भारतीय जनता पार्टी मकान बनाती है, मकान गिराती नहीं है। मकान गिराने की बात दूर, एक ईंट नहीं गिरने देंगे। अगर कोई मकान गिराने के लिए जेसीबी जाएगी तो वो बिहारी लाल के ऊपर से होकर जाएगी। तब आपका मकान गिरेगा। मकान की एक ईंट को भी गिरने नहीं दिया जाएगा। चुनाव के दौरान 43 बिंदुओं का संकल्प लिया था। उसको 100 प्रतिशत पूरा करुंगा।

आज तक कोई आरोप नहीं लगा

बिहारी लाल आर्य ने कहा कि नगर निगम में जो भी कार्य होंगे, वो गुणवत्तायुक्त होंगे। भ्रष्टाचार का नामो निशान नहीं मिलेगा। ये मैं वादा करता हूं। जनता ने मुझे 3 बार विधायक बनाया। मैं मंत्री भी रहा। आज तक कोई आरोप नहीं लगा है और न ही आखरी दम तक लगने दिया जाएगा।

इस तरह हुआ शपथ ग्रहण समारोह

शपथ ग्रहण समारोह में मंडलायुक्त डॉ. आदर्श सिंह ने सबसे पहले महापौर बिहारी लाल आर्य को शपथ ग्रहण कराई। इसके बाद महापौर ने 15-15 वॉर्ड के पार्षदों को एक साथ शपथ दिलाई। 5 चरणों में शपथ दिलाने की प्रक्रिया पूरी हुई। कार्यक्रम का संचालन डॉ नीति शास्त्री ने किया और आभार नगर आयुक्त पुलकित गर्ग ने व्यक्त किया। इस मौके पर सांसद अनुराग शर्मा, जिलाधिकारी रविंद्र कुमार, विधायक रवि शर्मा, एमएलसी रमा निरंजन, एमएलसी डॉ बाबू लाल तिवारी, राज्यमंत्री हरगोविंद कुशवाहा, पूर्व मंत्री रविंद्र शुक्ल, पूर्व महापौर रामतीर्थ सिंघल, महानगर अध्यक्ष मुकेश मिश्रा, पूर्व विधायक प्रागीलाल अहिरवार, बंगरा ब्लॉक प्रमुख भारती आर्य और सुनील नैनवानी, सुलेमान मंसूरी, आशीष रायकवार, सुशीला दुबे, लखन कुशवाहा, उमेश जोशी, विकास खत्री, राहुल कुशवाहा, सुनीता पुरी, कन्हैया कपूर, मयंक श्रीवास्तव, प्रवीण लखेरा, अरविंद झा, रिंकू वंशकार, नीता यादव, भगवती कुशवाहा, रामजी यादव, पंकज झा (ढप्पू), भरत सैन, रश्मि अहिरवार, कामेश अहिरवार सहित साठ पार्षद, जन प्रतिनिधि, स्थानीय लोग और नगर निगम के कर्मचारी व अधिकारी मौजूद रहे।

बिना राय लिए नहीं हटेगा अतिक्रमण

महापौर आर्य ने कहा कि 'बाजारों में अच्छे शौचालय बनाए जाएंगे। बारात घरों का भी निर्माण कराया जाएगा। बिना आपकी राय के कोई भी अतिक्रमण नहीं हटेगा। मैं खुद प्रत्येक वार्ड में जाऊंगा और वहां की हर समस्या का समाधान करुंगा। जनता ने जिताकर जो सम्मान दिया है, मैं उसका जीवन भर ऋणी रहूंगा। एक-एक समस्या का समाधान करुंगा।Ó उन्होंने कहा कि महानगर में गाड़ियों के बहुत चालान हो रहे हैं। मैंने मंडलायुक्त से आग्रह किया है। जल्द ही उन चालानों के जुर्मानें पर राहत मिल जाएगी। लेकिन मेरा अनुरोध है कि महानगर में यातायात नियमों का पालन करें।

फुव्वारे ने नहीं होने दिया गर्मी का एहसास

मुक्ताकाशी मंच पर आयोजित शपथ ग्रहण समारोह दोपहर करीब 12:30 बजे से शुरू हुआ। 90 फीट चौड़ा व 200 फीट लंबा पंडाल में 4 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई थी। लोगों को गर्मी से बचाने का भी पूरा इंतजाम था। पंडाल में 160 नोजल लगाए गए थे, जिससे निकल रही पानी की बेहद हल्की बौछार ने गर्मी का एहसास नहीं होने दिया। मंच रंग बिरंगे फूलों से सजा हुआ था।

Similar News