प्रतापगढ़। पूर्वी उत्तर प्रदेश की कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने गुरुवार को यूपी की प्रतापगढ़ लोकसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी राजकुमारी रत्ना सिंह के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। दिल्ली की तरह कांग्रेस महासचिव ने यहां भी पीएम मोदी पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने मतदाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि इनसे बड़े कायर, इनसे बड़े कमजोर प्रधानमंत्री मैंने जिंदगी में नहीं देखे। उन्होंने कहा कि राजनैतिक शक्ति बड़े से बड़े प्रचार से नहीं आती। टीवी पर दिखाने से नहीं आती।
गौरतलब है कि यूपी की प्रतापगढ़ लोकसभा सीट पर कांग्रेस ने इस सीट से तीन बार की सांसद राजकुमारी रत्ना देवी को टिकट दिया है। 2009, 1999 और 1996 में राजकुमारी यहां से कांग्रेस के टिकट पर जीती है।
2014 में यहां से एनडीए गठबंधन के अपना दल के कुंवर हरिवंश सिंह जीते थे। लेकिन इस बार भाजपा ने यहां संगम लाल गुप्ता को टिकट दिया है। प्रतापगढ़ सीट को कांग्रेस का गढ़ कहा जाता है। 2014 को छोड़ दें तो यहां ज्यादातर चुनावों में कांग्रेस प्रत्याशी को ही जीत मिली है।