SwadeshSwadesh

तीन दिन बाद घोषित हो जाएंगे भाजपा के प्रत्याशी

Update: 2019-03-13 16:21 GMT

प्रदेश संगठनमंत्री ने की चुनावी तैयारियों की समीक्षा

आगरा। लोकसभा चुनाव की तिथियों की घोषणा के बाद भाजपा जल्द ही अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर सकती है। समूचे ब्रजक्षेत्र में पार्टी की लोकसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा के लिए मंगलवार को भाजपा ब्रजक्षेत्र कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश संगठन मंत्री सुनील बंसल ने जिला, महानगर व क्षेत्रीय पदाधिकारियों के साथ प्रत्याशियों के नाम पर मंथन किया। वहीं सम्भावित प्रत्याशियों के साथ भी गुप्त मंत्रणा की। बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी व ब्रजक्षेत्र प्रभारी गोविंद नारायण शुक्ला भी उपस्थित रहे। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ब्रजक्षेत्र में करीब 4 से 5 मौजूदा सांसदों के टिकट कटने की संभावना है। कुछ सीटों पर प्रत्याशियों की तलाश कर ली गई है तो कुछ सीटों पर अभी सहमति नहीं बन पायी है।

ब्रजक्षेत्र में दूसरे, तीसरे व चौथे चरण में होगा मतदान होगा। बृजक्षेत्र में दूसरे चरण में 18 अप्रैल आगरा, फतेहपुर सीकरी, मथुरा, हाथरस और अलीगढ़ लोकसभा क्षेत्रों में मतदान होगा। शेष लोकसभा लोकसभा क्षेत्र फिरोजाबाद, एटा, मैनपुरी, बदायूँ, आंवला, बरेली, पीलीभीत में 23 अप्रैल को तृतीय चरण में मतदान होगा। वहीं शाहजंहापुर में चौथे चरण 29 अप्रैल को मतदान होगा। आगरा व फतेहपुर सीकरी, अलीगढ़, हाथरस में मुख्य मुकाबला भाजपा-बसपा के बीच है।

वहीं फिरोजाबाद, मैनपुरी व एटा में सपा से मुकाबला होगा। मंगलवार की बैठक में भाजपा पदाधिकारियों ने चुनाव प्रचार की रणनीति भी तैयार की। बैठक के दौरान विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों से टिकट की इच्छा रखने वाले भी अच्छी संख्या में अपना चेहरा दिखाते दिखाई दिए। फिलहाल भाजपा में भी चुनावी हलचलें तेज हो गईं हैं। 17 अथवा 18 मार्च को पार्टी अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर सकती है।  

Similar News