SwadeshSwadesh

हरियाणा के पूर्व मंत्री शमशेर सुरजेवाला का एम्स में निधन

-शमशेर सिंह सुरजेवाला अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक रणदीप सिंह सुरजेवाला के पिता थे

Update: 2020-01-20 07:13 GMT

चंडीगढ़। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री शमशेर सिंह सुरजेवाला का सोमवार की सुबह नई दिल्ली स्थित एम्स में निधन हो गया। वह 88 साल के थे। पिछले लंबे समय से बीमार चल रहे थे और उन्हें कुछ माह पहले ही दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया था।

शमशेर सिंह सुरजेवाला अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक रणदीप सिंह सुरजेवाला के पिता थे। शमशेर सिंह की गिनती हरियाणा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में होती थी। वह हरियाणा गठन के बाद पहली बार चुनाव वर्ष 1967 में हरियाणा विधानसभा में विधायक चुनकर पहुंचे। इसके बाद वर्ष 1977, 1982, 1991 तथा 2005 में वह विधायक बने।

शमशेर सिंह सुरजेवाला हरियाणा में अलग-अलग समय पर सत्ता में आई सरकारों में चार बार मंत्री बने और राज्यसभा के सांसद भी रहे। उनकी पहचान हरियाणा में हमेशा संगठन के नेता के रूप में होती रही। वह कांग्रेस के प्राइमरी कार्यकर्ता से शुरू होकर प्रदेश अध्यक्ष पद तक पहुंचे थे। विधानसभा में उन्हें किसानों और मजदूरों की आवाज कहा जाता था। उन्होंने लंबे समय तक पहले हरियाणा कृषक समाज और फिर ऑल इंडिया खेत मजदूर कांग्रेस का भी संचालन किया।

शमशेर सिंह सुरजेवाला व्यस्त समय के बावजूद विभिन्न समाचार पत्रों के लिए लेखन भी करते थे। इसके अलावा उन्होंने हरियाणा से साप्ताहिक समाचार पत्र 'तरुण हरियाणा' भी प्रकाशित किया। शमशेर सिंह सुरजेवाला का सोमवार की दोपहर बाद नरवाना में अंतिम दाह-संस्कार किया जाएगा।

Tags:    

Similar News