शिखर नेतृत्व के साथ काम करना मेरा सौभाग्य : सलूजा

कांग्रेस के मीडिया समन्वयक नरेन्द्र सलूजा से 'स्वदेश' की चर्चा

Update: 2018-09-27 07:31 GMT

भोपाल/विनोद दुबे। भाजपा नेताओं द्वारा कांग्रेस के खिलाफ दिए जाने वाले किसी भी बयान पर तुरंत तीखी एवं सटीक प्रतिक्रिया देने वाले कांगे्रस प्रदेश मीडिया समन्वयक नरेन्द्र सलूजा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ के सबसे करीबी और विश्वास पात्र माने जाते हैं। 28 साल पहले कांग्रेस के सामान्य कार्यकर्ता के रूप में राजनीति में कदम रखने वाले सलूजा 1994 में ब्लॉक महामंत्री बने। वर्ष 2000 में ब्लॉक अध्यक्ष, वर्ष 2006 में इंदौर शहर कांग्रेस के प्रवक्ता, वर्ष 2012 में प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता बने। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ ने अब उन्हें प्रदेश कांग्रेस में मीडिया समन्वयक का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है। जिसे वह कुशलता से निर्वहन कर रहे हैं।

'स्वदेश' ने वर्तमान राजनीतिक घटनाक्रमों और उनके मीडिया समन्वयक जैसे महत्वपूर्ण दायित्व निर्वहन को लेकर श्री सलूजा से सवाल किए। श्री सलूजा ने हर प्रश्न का कांग्रेस के सजग सिपाही की तरह उत्तर भी दिया।

25 सितम्बर को भोपाल के जम्बूरी मैदान पर आयोजित हुए भाजपा के कार्यकर्ता महाकुंभ को पूरी तरह से फ्लॉप शो बताते हुए श्री सलूजा ने कहा कि इस आयोजन में विकास, महंगाई, पेट्रॉल-डीजल,किसानों की दुर्दशा, युवाओं को रोजगार और महिला सुरक्षा पर कोई बात नहीं हुई। बात हुई देश-विदेश, असम, कश्मीर से लेकर राहुल गांधी और कांगे्रेस को कोसने की। बेहतर होता कि प्रधानमंत्री प्रदेश को कोई बढ़ी सौगात देते। कोई बड़ी योजना लाते। जिसकी प्रदेशवासियों को उम्मीद थी। 10 लाख से अधिक कार्यकर्ता जुटाने का दावा था, लेकिन पंडाल पूरी तरह खाली रहे। जनता के साथ-साथ कार्यकर्ता भी भाजपा से दूर जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर पूर्व मुख्यमंत्री उमाभारती के बहाने भाजपा पर हमला बोलने वाले सलूजा ने कहा कि कांग्रेस के याद दिलाने पर ही भाजपा ने कार्यकर्ता सम्मेलन में उमा भारती के होर्डिंग लगाए तथा उन्हें सम्मेलन में बुलाया।

कांग्रेस के समर्थन से संसद में हाल में संशोधित हुए क्रूरता कानून पर कांग्रेस का पक्ष और आरक्षण के मुद्दे पर सधी हुई प्रतिक्रिया देते हुए श्री सलूजा कहते हैं कि कांग्रेस सभी वर्गों के बीच सद्भाव की नीति अपनाती है। कांग्रेस चाहती है कि सभी वर्गों का विकास हो। सभी वर्गों में भाईचारा हो। सभी वर्गों में सद्भाव रहे और पीडि़त किसी भी वर्ग का हो उसे न्याय मिलना चाहिए। वहीं भाजपा वोट के लिए समाज में दरार पैदा कर रही है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर अपनी नीति स्पष्ट करनी चाहिए। क्योंकि इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री दोहरी बात करते हैं।

आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों में प्रदेश मीडिया समन्वयक के रूप में उनकी भूमिका संबंधी सवालपर श्री सलूजा ने कहा कि कांग्रेस के मीडिया विभाग का दायित्व है कि पार्टी की विचार धारा को जन-जन तक और कार्यकर्ताओं तक मीडिया के माध्यम से पहुंचाए। उन्होंने कहा कि जो दायित्व प्रदेशाध्यक्ष श्री कमलनाथ ने मुझे सौंपा है। उनके मीडिया समन्वयक के रूप में दायित्व का ईमानदारी से कर रहा हँू। वह इतने बड़े कद्दावर नेता हैं, जिनकी गिनती देश के शिखर नेतृत्व में होती है। उनके साथ काम करने में मैं गर्व महसूस कर रहा हूँ और इसे अपना सौभाग्य समझता हूँ।

Similar News