सिंगफू नदी से पानी छोड़े जाने के कारण असम में भीषण बाढ़, अलर्ट पर प्रशासन

Update: 2018-09-02 14:42 GMT

गुवाहाटी। पड़ोसी देश चीन द्वारा दो दिन पहले सिंगफू नदी में 50 गुना अधिक पानी छोड़े जाने के कारण असम के कई जिलों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। सिंगफू में पानी छोड़ने की वजह से पड़ोसी राज्य अरुणाचल प्रदेश के सियांग नदी और अब असम के ब्रम्हपुत्र नद में भीषण बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। ब्रह्मपुत्र समेत इसकी सभी सहायक नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। जिस कारण एनडीआरएफ अथॉरिटी द्वारा ब्रम्हपुत्र एवं इसकी सहायक नदियों के किनारे रहने वाले लोगों के लिए हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।

राज्य के विभिन्न इलाकों से भीषण बाढ़ एवं तट कटाव की खबरें आ रही है। ब्रम्हपुत्र नद का मुख्य जल स्रोत अरुणाचल प्रदेश का सियांग नदी है और सियांग नदी का मुख्य जल स्रोत पड़ोसी देश चीन से बहने वाली सिंगफू नदी है। यानी एक ही नदी का स्थान के अनुसार तीन नाम हो गया है। यही वजह है कि सिंगफू में 50 गुना अधिक पानी छोड़ने की वजह से पूरे अरुणाचल प्रदेश के बाद पूरे असम में भयंकर बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हुई है।

एक तरफ नदी में बाढ़ ऊपर से हो रही भारी वर्षा की वजह से पूरा राज्य तबाह हो गया है। ब्रम्हपुत्र नद समेत इसकी कई सहायक नदियों के तटबंध टूट गए हैं। जिस कारण राज्य के अनेकों स्थानों पर बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इधर शनिवार की रात हुई मूसलाधार बारिश के बाद रविवार की सुबह से ही हो रही बारिश के कारण राजधानी गुवाहाटी के विभिन्न इलाकों में कृत्रिम बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। गुवाहाटी के तरुण नगर, नवीन नगर, जू रोड, जोराबाट समेत राजधानी के अनेक स्थानों पर जलजमाव हो गया है। इस जलजमाव की वजह से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। वहीं, अनेक स्थानों पर भूस्खलन हुए हैं। असम राजभवन के निकटवर्ती खारगुली हिल्स में भयंकर भूस्खलन की घटना सामने आई है। जहां, एक तीन मंजिली इमारत की चारदीवारी गिरने के बाद अब पूरी इमारत झुक गई है। कुल मिलाकर देखा जाए तो बाढ़ और बारिश की वजह से पूरा असम तबाह हो गया है।  

Similar News