SwadeshSwadesh

जीत का मंत्र देने जयपुर पहुंचे अमित शाह

Update: 2018-07-21 08:35 GMT

जयपुर। प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देने और पार्टी कार्यक्रमों, योजनाओं व अभियानों की समीक्षा करने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह शनिवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे जयपुर पहुंच गए।

हवाई अड्डे पर प्रदेश की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल सैनी ने एक साल बाद जयपुर आए शाह की अगवानी की। हवाई अड्डे के बाहर प्रदेश के मंत्रियों, विधायकों और महिला, किसान मोर्चा के सैंकड़ों कार्यकर्ताओं ने शाह का जोरदार स्वागत किया। शाह के स्वागत के लिए भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा की। एयरपोर्ट पर उनका राजस्थानी नृत्य और परम्परा से स्वागत हुआ। युवा मोर्चा के कार्यकर्ता उनको रैली के रूप में वहां से लेकर रवाना हुए।

शाह के काफिले का तोतुका भवन तक सात स्थानों पर भव्य स्वागत किया गया। एयरपोर्ट से लेकर तोतुका भवन और भाजपा मुख्यालय तक पीएम नरेन्द्र मोदी, शाह और मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के होर्डिंग और बैनरों से सड़कों को सजाया गया। बिजली के पोलों पर भी भाजपा के झण्डे लगाए गए। शाही स्वागत के बीच वे एयरपोर्ट से सीधे नारायणसिंह सर्किल स्थित तोतुका भवन पहुंचे जहां वे भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की समापन बैठक को संबोधित करेंगे।

तय कार्यक्रम के अनुसार कार्यसमिति की बैठक के बाद शाह प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में शामिल होंगे। यहां से शाह भाजपा कार्यालय पर विस्तारकों की बैठक लेंगे और चुनावों के लिए काम का मंत्र देंगे। दोपहर बाद उनका राजमंदिर सिनेमा में सोशल मीडिया कार्यकर्ताओं को संबोधन देने का कार्यक्रम है। शाम को वे निजी शादी समारोह में शरीक होंगे और उसके बाद भाजपा की प्रदेश कोर कमेटी की बैठक लेंगे। 

Similar News