SwadeshSwadesh

रोहिणी नक्षत्र के पहले दिन 39 डिग्री पर रहा अधिकमत पारा, आंधी-बारिश के आसार

- अगले 24 से 48 घंटों में बदलेगा मौसम

Update: 2021-05-26 09:20 GMT

Photo - Astroved 

ग्वालियर/वेब डेस्क। भीषण गर्मी और लपट के लिए पहचाने जाने वाले रोहिणी नक्षत्र यानी नौतपा की शुरूआत 39 डिग्री सेल्सियस अधिकमत तापमान के साथ हुई, जो सामानय से 3.1 डिग्री सेल्सियस कम है। नौतपा के दूसरे दिन बुधवार को तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है, लेकिन मौसम विभाग के अनुसार नौतपा के तीसरे दिन गुरुवार से तापमान में गिरावट होगी क्योंकि अगले 24 से 48 घंटों के दौरान प्रदेश के विभिन्न भागों सहित ग्वालियर-चम्बल अंचल में भी चक्रवाती तूफान यास का असर दिखेगा। इस दौरान कहीं तेज आंधी के साथ बूंदाबांदी तो कहीं हल्की बारिश भी हो सकती है।

नौतपा के पहले दिन मंगलवार को मौसम शुष्क रहा और तेज धूप भी निकली। साथ ही हवाएं उत्तर-पश्चिमी चलीं, जिनकी गति छह से आठ किलोमीटर प्रति घंटा रही। इस वजह से पिछले दिन की तुलना में आज अधिकतम तापमान में 1.8 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई। शाम साढ़े चार बजे के बाद आसमान में आंशिक बादल छाने लगे। मौसम विज्ञानी इसे बंगाल की पूर्व मध्य खाड़ी में विकसित हो रहे चक्रवाती तूफान यास का असर बता रहे हैं।

स्थानीय मौसम विज्ञानी सी.के. उपाध्याय के अनुसार बुधवार को सुबह यह चक्रवाती तूफान पूरी तरह विकसित होने के बाद उत्तर-पश्चिम दिशा में पश्चिम बंगाल और उत्तरी ओडिशा की ओर बढ़ेगा। ग्वालियर-चम्बल में इसका असर बुधवार की शाम या गुरुवार सुबह से नजर आएगा। आसमान में घने बादल छाए रहेंगे, जिससे अंचल में कहीं तेज आंधी और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं तो कहीं हल्की बारिश भी हो सकती है। चक्रवाती तूफान यास का असर दो से तीन दिन रह सकता है। इसके चलते पिछले सालों की अपेक्षा नौतपा में इस बार गर्मी के तेवर ढीले रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान संभवत: 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर नहीं जा पाएगा। मौसम विभाग के अनुसार पिछले दिन की तुलना में आज न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 23.2 डिग्री सेल्सियस पर रहा, जो औसत से 4.2 डिग्री सेल्सियस कम है।    

Tags:    

Similar News