PM Modi Varanasi: वाराणसी पहुंचे पीएम मोदी करेंगे 7 किमी लंबा रोड शो

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर पहुंचे हैं। वाराणसी एयरपोर्ट पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत वरिष्ठ नेताओं और अधिकारियों ने...

Image not available

PM Modi Varanasi: वाराणसी पहुंचे पीएम मोदी करेंगे 7 किमी लंबा रोड शो

PM Modi Varanasi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर पहुंचे हैं। वाराणसी एयरपोर्ट पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत वरिष्ठ नेताओं और अधिकारियों ने उनकी अगवानी की। करीब 6 घंटे के इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री 100 करोड़ की लागत से बनी कपड़ा निर्माण इकाई का उद्घाटन करेंगे और 7 किलोमीटर लंबा रोड शो निकालेंगे। इसके अलावा नमो घाट पर भारतीय वायुसेना के विंग्स ओवर गंगा एयर शो का दीदार करेंगे। उनके साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे।

महिला कामगारों से करेंगे संवाद

पीएम मोदी मिर्जामुराद के खोचवां स्थित अरविंद लिमिटेड की नई कपड़ा निर्माण इकाई का उद्घाटन करेंगे। लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस यूनिट में स्पोर्ट्स वियर और अंडरगारमेंट्स का उत्पादन होगा, जिससे क्षेत्र की लगभग 1,000 महिलाओं को सीधे रोजगार मिलने की उम्मीद है। उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री वहां कार्यरत महिला कामगारों से सीधा संवाद करेंगे।

डमरू और शंख की ध्वनि के बीच 7 KM लंबा रोड शो

टेक्सटाइल यूनिट के कार्यक्रम के बाद पीएम मोदी पुलिस लाइन पहुंचेंगे, जहां से वे नमो घाट तक करीब 7 किलोमीटर लंबा रोड शो करेंगे। रास्ते भर कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक गुलाब की पंखुड़ियां बरसाकर उनका स्वागत करेंगे। नमो घाट पर प्रधानमंत्री का स्वागत 50 डमरू और 50 शंखों की गूंज के साथ किया जाएगा। आयोजन स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और गहन चेकिंग के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। 

100 विमान दिखाएंगे ताकत

दोपहर 1 बजे प्रधानमंत्री नमो घाट पर भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित 'विंग्स ओवर गंगा' एयर शो के अंतिम प्रदर्शन में शामिल होंगे। एयर शो में राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, तेजस और प्रचंड जैसे 52 लड़ाकू विमानों समेत कुल 100 विमान अपनी हवाई ताकत और करतब दिखाएंगे। सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम और सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम आसमान में हैरतअंगेज कलाबाजियां और फॉर्मेशन पेश करेंगी। काशी में अपने सभी तय कार्यक्रमों को पूरा करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भुवनेश्वर के लिए रवाना हो जाएंगे।