SwadeshSwadesh

उत्तर भारत में ठंड का कहर, विमान और ट्रेन सेवाएं प्रभावित

Update: 2019-12-30 06:30 GMT

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में ठंड का कहर सोमवार को सुबह भी जारी है। दिल्ली में सुबह घने कोहरे के छाए रहने से रेल और विमान सेवा पर असर पड़ा है। न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार, कम से कम 30 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। वहीं, दिल्ली एयरपोर्ट से तीन फ्लाइट्स को डायवर्ट किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार सुबह 5:30 बजे दिल्ली में पारा 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को अधिकतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इसके अलावा सोमवार को एक्यूआई लेवल दिल्ली में सुबह 6:40 पर 449 दर्ज किया गया।

मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में एक जनवरी से तीन जनवरी तक रात में हल्की बारिश की संभावना है और दो जनवरी को ओले भी पड़ सकते हैं। एक सरकारी बयान के अनुसार हरियाणा में कुछ स्थानों पर तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस के आसपास है और राज्य सरकार ने 30 तथा 31 दिसंबर को स्कूल बंद रखने का फैसला किया है।

इसमें कहा गया, 'इसके बाद एक जनवरी से 15 जनवरी के बीच राज्य के सभी स्कूल सर्दियों की छुट्टियों के चलते बंद रहेंगे।' मौसम विभाग ने कहा कि हरियाणा और पंजाब में अगले कुछ दिन ठंड का प्रकोप बना रह सकता है।

वहीं, श्रीनगर में तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी है। मशहूर डल झील के कई हिस्से बर्फ में तब्दील हो गए और रात में श्रीनगर का तापमान शून्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि कश्मीर घाटी और लद्दाख केंद्र शासित क्षेत्र में तापमान जमाव बिंदु से कई डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। इससे क्षेत्र में शीतलहर तेज हो गई है।

Tags:    

Similar News