SwadeshSwadesh

कांग्रेस को पहले जनता ने नकारा, अब नेता भी नकार रहे : वीडी शर्मा

Update: 2021-10-26 13:39 GMT

जोबट। पहले तो प्रदेश की जनता ने कांग्रेस को नकार दिया। उनकी सरकार को प्रदेश से उखाड़ फेंका और अब खुद उसके नेता, जनप्रतिनिधि भी कांग्रेस को नकार रहे हैं। वे भी समझ गए हैं कि कांग्रेस के साथ रहकर वे जनता की सेवा और अपने क्षेत्रों का विकास नहीं कर सकते। 

यह बात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने मंगलवार को जोबट में पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि जनता जनप्रतिनिधियों से विकास चाहती है, लेकिन कांग्रेस के नेताओं, जनप्रतिनिधियों को लग रहा है कि वे भाजपा में आकर सेवाभाव से काम कर सकते हैं, क्योंकि भाजपा ने हमेशा से सेवाभाव की राजनीति की है।

अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद के विचार हमारे लिए प्रेरणा पुंज - 

पत्रकारवार्ता से पहले विष्णुदत्त शर्मा अलीराजपुर जिले के ग्राम भाबरा में अमर बलिदानी चंद्रशेखर आज़ाद की जन्मस्थली भी पहुंचे और उनकी प्रतिमा के श्रीचरणों में पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने आज़ाद स्मृति मंदिर में उनकी स्मृतियों का अवलोकन भी किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर आजाद के राष्ट्र सेवा के विचार हमारे लिए प्रेरणापुंज हैं।

रीति-नीति और नेतृत्व पर विश्वास करके आ रहे हैं भाजपा में - 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि जो भी भाजपा में आना चाहे उसका स्वागत है। कांग्रेस के जनप्रतिनिधि और नेता भी भाजपा की रीति-नीति और नेतृत्व पर विश्वास करके आ रहे हैं। उन्हें लग रहा है कि भाजपा में रहकर वे सेवाभाव के कार्य कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जो भी जनप्रतिनिधि अपने देश के लिए, अपने प्रदेश के लिए, अपने क्षेत्र के लिए, अपने समाज के लिए कुछ करने की इच्छा रखते हैं, तो ऐसे लोगों का भाजपा में स्वागत है।

कांग्रेस ट्वीटर पर राजनीति करती है - 

विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के पास न कोई चर्चा है, न कोई मुद्दा है और न ही कोई नेता हैं। वे तो सिर्फ ट्वीटर पर ही राजनीति कर रहे हैं। कांग्रेस के तो जींस में ही फूट डालकर राज करना रहा है और वे इसी तरह से राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस के नेतृत्व को तो देश-प्रदेश का नाम बदनाम करने में ही मजा आता है। दिग्विजय सिंह सर्जिकल स्ट्राइक का प्रूफ मांगते हैं। कमलनाथ ने भी प्रदेश की जनता के साथ वादाखिलाफी की। कमलनाथ ने जो वायदे किसानों, युवाओं, महिलाओं और गरीबों से किए थे, क्या हुआ उन वायदों का, जो अब तक पूरे नहीं हुए। युवाओं को बेरोजगारी भत्ते का अब तक इंतजार है। किसानों का कर्जमाफ भी इन्होंने नहीं किया।



Tags:    

Similar News