SwadeshSwadesh

रेत माफियाओं पर नहीं लग रही लगाम

रेत माफियाओं पर लगाम नहीं लग पा रही है। शनिवार की रात भी चिन्नौनी क्षेत्र में रेत के अनियंत्रित ट्रैक्टर ने यात्री बस में टक्कर मार दी।

Update: 2018-06-25 11:51 GMT

चिन्नौनी क्षेत्र में रेत के ट्रैक्टर ने बस में टक्कर मारी

हादसे में चार घायल

मुरैना | रेत माफियाओं पर लगाम नहीं लग पा रही है। शनिवार की रात भी चिन्नौनी क्षेत्र में रेत के अनियंत्रित ट्रैक्टर ने यात्री बस में टक्कर मार दी। जिससे चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि जिस समय यह हादसा हुआ उस समय ट्रैक्टर- ट्रॉली में रेत नहीं था। वह चंबल नदी से रेत लेने जा रहा था। मुरैना से झुण्डपुरा के बीच चलने वाली बस क्रमांक एमपी06 पी0 761 शनिवार की रात चिन्नौनी थाना क्षेत्र के बृजगढ़ी गांव के पास से होकर निकल रही थी। उसी समय अनियंत्रित ट्रैक्टर से आमने सामने की जोरदार भिडं़ंत हो गई।

भिड़ंत में जहां बस का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया वहीं ट्रैक्टर को भी काफी क्षति पहुंची है। इस हादसे में ट्रैक्टर चालक के अलावा बस में सवार तीन लोगों को चोट आई है। सूचना मिलने पर चिन्नौनी पुलिस रात को ही घटना स्थल पर पहुंची। सभी घायलों को पहले कैलारस फिर जिला चिकित्सालय लाया गया। बताया जाता है कि जिस समय यह हादसा हुआ उस समय ट्रैक्टर- ट्रॉली में रेत नहीं था। रेत माफिया चंबल किनारे से रेत लेने के लिए जा रहा था कि रास्ते में ही यह हादसा हो गया। उधर इस मामले में खास पहलू यह है कि अभी तक थाने में कोई एफआईआर दर्ज ही नहीं हुई है।

उल्लेखनीय है कि चिन्नौनी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर चंबल नदी से रेत का उत्खनन होता है। यहां खनन माफियाओं को न केवल पुलिस का पूरा संरक्षण प्राप्त है बल्कि बाकायदा रेत के ट्रैक्टरों की इंट्री की जाती है। ऐसे में जब खाकी के संरक्षण में ही रेत का उत्खनन हो रहा है फिर कैसे इस पर लगाम लग सकती है।

इनका कहना है

अभी तक किसी पक्ष की ओर से एफआईआर के लिए कोई भी नहीं आया है। अभी यह पता नहीं चला है कि ट्रैक्टर में रेत था।

                                                                                                                                                                                        नवीन यादव

                                                                                                                                                                                    थाना प्रभारी, चिन्नौनी



Similar News