ज्योतिरादित्य सिंधिया बोले - ग्वालियर चम्बल संभाग में जीत का नया रिकार्ड बनायेगी भाजपा
सिंधिया ने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर, वार्ड वार सहित लाभार्थी सम्मेलन आयोजित करें और लाभार्थी भी भाजपा का एक अभिन्न अंग बने
शिवपुरी/वेब डेस्क। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुक्रवार को शिवपुरी में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि केन्द्र और प्रदेश की डबल इंजन की सरकार प्रदेश के विकास को नया आयाम दे रही है। इस बार भाजपा ग्वालियर संभाग में जीत का नया रिकॉर्ड बनायेगी।
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि जिस प्रदेश में हमें सड़क नसीब नहीं होती थी, सिर्फ गढ्ढे मिलते थे। आज 18 साल में तीन लाख किलोमीटर अधिक सड़कें बनी है। अगर यह परिवर्तन आया है तो भाजपा और मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के कारण संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि केन्द्र में मोदी जी और प्रदेश में मुख्यमंत्री चौहान के कामों को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को आगे बढाने की आवश्यकता है। हम सबका यह दायित्व बनता है कि जो शीर्ष नेतृत्व ने योजना का क्रियान्वयन किया है, उस योजना का लाभ हम एक-एक लाभार्थी तक पहुंचाने में अपनी जिम्मेदारी तय करें।
सिंधिया ने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर, वार्ड वार सहित लाभार्थी सम्मेलन आयोजित करें और लाभार्थी भी भाजपा का एक अभिन्न अंग बने। इस दिशा में कार्यकर्ता बनाकर काम करें।
कार्यकर्ताओं की मेहनत से भाजपा ग्राम सभा से लेकर लोकसभा तक: हितानंद
पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने कहा कि जनसंघ के समय लोग हमारे कार्यकर्ताओं को गिनते तक नहीं थे। कार्यकर्ताओं ने परिश्रम की पराकाष्ठा की और जो पार्टी 20 लोगों की होती थी, आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बन गयी है। यह सब कार्यकर्ताओं की मेहनत से संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि शिवपुरी की गली से लेकर दिल्ली तक चाहे नगर सरकार हो केंद्र सरकार। हर जगह भाजपा की सरकार है। ग्राम सभा से लेकर देश की लोक सभा तक भाजपा के कार्यकर्ता जनसेवा कर रहे है। पार्टी का कार्यकर्ता पार्टी के व्यवस्था के अनुसार काम करता है। पार्टी जब उसे जो कार्यक्रम और काम देती है उसे वे पूरी निष्ठा के साथ पूरा करता है। पार्टी के बूथ सशक्तिकरण के अभियान को नीचे तक पहुंचाने का काम कार्यकर्ताओं का है।सम्मेलन में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पार्टी प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, मंत्रीगण यशोधरा राजे सिंधिया, विजय शाह, महेन्द्र सिंह सिसौदिया, सांसद केपी यादव, संभाग प्रभारी व प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जिराती, प्रदेश मंत्री केशवसिंह भदौरिया मंचासीन थे।