SwadeshSwadesh

मैं जनता की जिंदगी बदलने को निकला हूं : शिवराज सिंह

अलीराजपुर-झाबुआ जिले में पहुंची मुख्यमंत्री की जन आशीर्वाद यात्रा

Update: 2018-08-28 06:30 GMT

अलीराजपुर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को भारी जन समुदाय से सीधा संवाद करते हुए कहा कि मैं जनता की जिंदगी बदलने के अभियान पर निकला हूँ। मेरा एकमात्र लक्ष्य प्रदेश की गरीब जनता की सेवा करना है। मध्यप्रदेश को आगे बढ़ाने के लिए मुझे आपका सहयोग चाहिए। अलीराजपुर में जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान ग्रामीणों से संवाद स्थापित करते हुए मुख्यमंत्री ने पिछले सालों में भाजपा सरकार की उपलब्धियों की याद दिलाई। अलीराजपुर-झाबुआ जिले में पहुंची मुख्यमंत्री की जन आशीर्वाद यात्रा का आत्मीय स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की जनआशीर्वाद यात्रा प्रदेश के आदिवासी अंचल में स्थित अलीराजपुर पहुंची। यहां आयोजित मुख्यमंत्री के रोड शो के दौरान शहर की सड़कों पर लोगों की खासी भीड़ उमड़ी। इस दौरान जगह-जगह पर मुख्यमंत्री का स्वागत हुआ, तो घरों के छज्जों से भी फूल बरसाए गए। यहां आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने जनता को पिछले सालों में भाजपा सरकार द्वारा कराए गए विकास कार्यों का स्मरण कराया। इसके अलावा उन्होंने सभा में उपस्थित लोगों को आने वाले चुनाव में भाजपा को जिताने का संकल्प भी दिलाया।

कांग्रेस का विकास से नाता नहीं

जन समुदाय को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि आप लोगों ने कहा कि अलीराजपुर को जिला बनाओ, मैंने अलीराजपुर को जिला बनाया। शानदार कलेक्ट्रेट भवन बनाया, कन्या शिक्षा परिसर आईटीआई, पॉलीटेक्निक, महाविद्यालय खोला। खेतों में सिंचाई के लिए जो दुनिया मे कहीं नहीं हुआ, वो काम यहाँ पर किया। सिंचाई के लिए नर्मदा से पाइपलाइन के जरिए पानी लाने के लिए 2 हजार 280 करोड़ की योजना बनाई जिसका काम चल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि माँ नर्मदा का पानी जब अलीराजपुर के खेतों तक पहुँचेगा। तो ऐसी फसल पैदा होगी कि अलीराजपुर जिला पंजाब को भी मात देगा। उन्होंने कहा कि अंचल के लोगों के लिए सड़क, पानी, बिजली का बेहतर से बेहतर इंतजाम भाजपा सरकार ने किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस का विकास से कोई नाता नहीं है।

भांजे-भांजियों ने दिखाया उत्साह

अलीराजपुर के बाद मुख्यमंत्री की जनआशीर्वाद यात्रा जोबट विधानसभा क्षेत्र के आंबुआ पहुंची। यहां बस स्टैंड पर मुख्यमंत्री ने अपने रथ से ही लोगों को संबोधित किया। मुख्यमंत्री की यात्रा के दौरान अंचल के बच्चों में गजब का उत्साह दिखाई दिया। ग्राम बोरझा में मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित थे। बच्चों ने जब मामा-मामा की पुकार लगाई, तो उनका उत्साह देखते हुए मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने अपने रथ से ही भांजे-भांजियों से बातचीत की।

मां-बेटियों का सम्मान सुनिश्चित करेगी सरकार

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वो जिला है जहां बेटों से ज्यादा बेटियां पैदा होती हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार माँ- बेटियों का सम्मान सुनिश्चित करेगी। उन्होंने महिला सशक्तीकरण की दिशा में प्रदेश सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी देते हुए कहा कि महिला सशकितकरण के लिए के लिए राजनीति में बेटियों की भागीदारी हमने सुनिश्चित की है। स्थानीय निकायों के चुनावों में 50 प्रतिशत सीटों पर बेटियां चुनी जाएं, यह हमारी सरकार ने तय किया है। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियों में भी हमने बेटियों की फिक्र की। 

Similar News