SwadeshSwadesh

सागर के बाल सुधार गृह से भागे पांच बच्चे

Update: 2019-12-15 18:45 GMT

सागर। विभिन्न अपराधों में लिप्त अपचारी बालकों को सुधारने के लिए उन्हें बाल सुधार गृह में रखा जाता है, लेकिन मध्यप्रदेश में बाल सुधार गृहों से बच्चों की भागने की घटनाएं थम नहीं रही हैं। रविवार को सागर के बाल सुधार गृह से पांच बच्चे मुख्य द्वार का ताला खोलकर भाग गए। पुलिस उनकी तलाश कर रही है, लेकिन अभी तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका है। इससे पहले जबलपुर और भोपाल से भी आठ-आठ बच्चे बाल सुधार गृह से भाग चुके हैं। एक सप्ताह के भीतर यह तीसरी घटना है।

उल्लेखनीय है कि पांच दिन पहले जबलपुर के बाल सुधार गृह से आठ बच्चे भाग गए थे। उनमें से एक बच्चा तो लौट आया था, लेकिन अन्य सात बच्चों का अब तक पता नहीं चल सक है। वहीं, चार दिन पहले भोपाल के जहांगारीबाद से आठ बच्चे बाल सुधार गृह से भागे थे। उनका भी कुछ पता नहीं मिल पाया है।

जानकारी के मुताबिक यहां सुधार गृह के हॉल में रविवार को सभी बच्चों को नाश्ता कराया गया। इस दौरान रसोइया और सुरक्षा गार्ड के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी का फायदा उठाकर पांच बच्चे सीढ़ी के सहारे छत पर चढ़कर परिसर में कूद गए और मुख्य द्वारा का ताला खोलकर भाग गए।

इस बाबत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने बताया कि दोपहर में खाने के वक्त जब बच्चों की गिनती हुई, जिसमें बच्चों की संख्या कम पाई गई तो बाल सुधार गृह के कर्मचारियों ने पहले तो खुद ही बच्चों को खोजने का प्रयास किया फिर पुलिस को सूचना दी। पुलिस बच्चों की तलाश में जुटी है।

व्यास के मुताबिक जब तक पुलिस को सूचना दी गई, तब बच्चे काफी दूर निकल गए होंगे। इसमें प्रथम दृष्टया बाल सुधार गृह के कर्मचारियों की लापरवाही सामने आ रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

Tags:    

Similar News