SwadeshSwadesh

सीएम कमलनाथ ने "इंदौर मेट्रो लाइन" का किया भूमिपूजन

Update: 2019-09-14 07:02 GMT

इंदौर। मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर को जल्द ही मेट्रो रेल सेवा की सौगात मिलने जा रही है। प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शनिवार को सुबह यहां मेट्रो रेल परियोजना की आधारशिला रखी। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मेट्रो रेल परियोजना का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर प्रदेश के गृहमंत्री बाला बच्चन, नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री जयवर्धन सिंह, पीडब्ल्यूडी मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, उच्च शिक्षा एवं खेल मंत्री जीतू पटवारी, स्वास्थ्य मंत्री तुलसीराम सिलावट महापौर मालिनी गौड़, सांसद शंकर लालवानी, विधायक रमेश मेंदोला, महेंद्र हार्डिया, संजय शुक्ला और विशाल पटेल भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री कमलनाथ शनिवार को सुबह हेलीकाप्टर से इंदौर पहुंचे। यहां उन्होंने सुबह 10.30 बजे एमआर-10 टोल नाके के पास कुमेड़ी में इंदौर मेट्रो रेल प्रोजेक्ट की आधारशिला रखी। प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर के मुख्य पुजारी अशोक भट्ट सहित 11 पुजारियों ने मेट्रो रेल परियोजना का भूमिपूजन संपन्न कराया।

कलेक्टर लोकेश कुमार जाटव ने बताया कि इंदौर मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के पहले चरण की लागत लगभग 7500 करोड़ रुपये है। यह प्रोजेक्ट एयरपोर्ट से शुरू होकर सुपर कॉरिडोर, एमआर-10 ब्रिज कुमेड़ी, चंद्रगुप्त चौराहा, सुखलिया, विजय नगर, रेडिसन चौराहा, रिंग रोड, बंगाली चौराहा, पलासिया, हाई कोर्ट, रीगल तिराहा, कोठारी मार्केट, राजवाड़ा होते हुए बड़ा गणपति, कालानी नगर और वापस एयरपोर्ट पर पहुंचेगा।

इस तरह लगभग 31.5 किलोमीटर का यह रूट एक रिंग बनाएगा। इसमें 29 स्टेशन प्रस्तावित हैं, जिसमें छह स्टेशन अंडरग्राउंड हैं। इस रूट का काम लगभग चार साल में पूरा होगा। इसमें गांधी नगर से इंदौर रेलवे स्टेशन के एलिवेटेड सेक्शन का कार्य 31 दिसम्बर 2022 तक पूरा होगा, जबकि रेलवे स्टेशन से गांधी नगर तक अंडरग्राउंड सेक्शन का कार्य 31 जुलाई 2023 तक पूरा होगा। डिपो लाइन का कार्य 28 फरवरी 2023 तक और सिस्टम लाइन का कार्य 31 अगस्त 2023 तक पूरा होगा।

Tags:    

Similar News