आकार लेने लगी हैं प्रतिमाएं, जयेन्द्रगंज चौराहे पर विराजित होगी 12 फुट की शेरावाली प्रतिमा
शारदीय नवरात्रि के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों में मुख्य रूप गरबा डांडिया की धूम रहेगी
ग्वालियर। नवरात्रि महोत्सव 15 अक्टूबर से शुरू होने जा रहा है। इस महोत्सव के लिए तैयारियों का दौर शुरू हो गया है। माता की प्रतिमाएं भी आकार लेने लगी हैं। कारीगरों द्वारा मिट्टी की प्रतिमाएं बनाने का काम तेजी से चल रहा है। कारीगरों के पास 7 से 10 फीट प्रतिमा के ऑर्डर आए हुए हैं। वहीं दाल बाजार व्यापार समिति द्वारा जयेन्द्रगंज चौराहे पर 12 फुट की शेरावाली माता की प्रतिमा स्थापित की जा रही है। शारदीय नवरात्रि के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों में मुख्य रूप गरबा डांडिया की धूम रहेगी। वर्तमान समय में जगह-जगह गरबा डांडिया की रिहर्सल जोर-शोर से चल रही है।
देवी की आराधना करने से ग्रहों से विपरीत प्रभाव को कम किया जा सकता है: सतीश सोनी
ज्योतिषाचार्य सतीश सोनी ने बताया कि नवरात्रि में देवी के नौ रूपों की पूजा की जाती है। इसके साथ ही नौ ग्रहों की भी शांति करने का एक सुनहरा अवसर मिलता है, क्योंकि हर देवी का संबंध किसी न किसी ग्रह से जरूर होता है। जब हम इन देवियों को नवरात्रि के दौरान पूजा करते हैं तो उसे देवी से संबंधित ग्रह दोष भी शांत हो जाते हैं और पुण्य फल मिलने लगता है। ज्योतिषाचार्य के अनुसार दुर्गा के नौ स्वरूपों में शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कुष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि, महागौरी, सिद्धिदात्री माता की साधना उपासना करके उन्हें मनाया जाता है।
किस देवी की आराधना से किस ग्रहों के दोषों से मिलेगी मुक्ति:-
- शैलपुत्री की पूजा करने से चंद्रमा से संबंधित दोष दूर होते हैं।
- ब्रह्मचारिणी की पूजा करने से कुंडली में मंगल ग्रह से संबंधित दोष से जुड़ी समस्याओं से मुक्ति मिलती है।
- चंद्रघंटा की पूजा करने से शुक्र ग्रह से संबंधित दोष दूर होते हैं और शुक्र ग्रह मजबूत होता है।
- मां कुुष्मांडा सूर्य ग्रह का मार्गदर्शन करती हैं। अत: इनकी पूजा से सूर्य से संबंधित सभी दोषो से मुक्ति पाई जा सकती है और सूर्य के कुप्रभाव से भी बचा जा सकता है।
- स्कंद माता की पूजा करने से कुंडली में बुध ग्रह से संबंधित दोष दूर होते हैं।
- मां कात्यायनी की आराधना करने से गुरु ग्रह को मजबूती मिलती है।
- मां कालरात्रि की आराधना से शनि से जुड़े सभी दोषो का नाश होता है।
- महागौरी की विधिवत पूजा अर्चना से राहु से संबंधित दोषो का शमन होता है।
- सिद्धि दात्री की पूजा से केतु ग्रह से उत्पन्न दोष का नाश होता है।
रियल स्टेट में जोरदार कारोबार की संभावना:-
नव दुर्गा महोत्सव शुरू होते ही दीपावली तक स्थानीय बाजारों सहित रियल स्टेट में जोरदार कारोबार होने की संभावना है, जिसके लिए शहर का व्यापारी वर्ग तैयार हो चुका है। इस महोत्सव में सबसे अधिक खरीदारी सरकारी कर्मचारी और ग्रामीण लोगों द्वारा की जाना है। बाजारों में यह धूम दीपावली तक रहेगी। इसके बाद सहालगी खरीदारी शुरू हो जाएगी।