मतदाताओं व दलों को कोरोना से बचाने के लिए खर्च होंगे करोड़ों

सेनेटाइजर, मास्क, दवाइयां आदि पर होंगे खर्च

Update: 2020-10-19 01:00 GMT

ग्वालियर, न.सं.। कोरोना संक्रमण के बीच प्रदेश की 28 सीटों पर होने वाले उप चुनाव के लिए शासन-प्रशासन जोर-शोर से लगा हुआ है। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए मतदान और मतगणना केंद्रों में कई सावधानियां रखी जाएंगी। प्रदेश सहित ग्वालियर में मतदान के दिन हजारों लीटर सेनेटाइजर, पीपीई किट, मास्क, दस्तानें व फेस सीट का उपयोग किया जाएगा।

जिले में तीन विधानसभाओं पर होने वाले उप चुनाव के लिए मतदान तीन नवम्बर को होगा। लेकिन कोरोना संक्रमण को देखते हुए इस बार मतदान केन्द्रों पर करोड़ों रुपए संक्रमण से बचाव के लिए किया जा रहा है। तीन विधानसभाओं में मतदान अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए करीब 40 हजार फेस शील्ड कवर तो सात हजार के करीब पीपीई किट मतदान केन्द्रों पर रहेंगी। इसके अलावा मतदाताओं, मतदान अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए साढे चार हजार लीटर के करीब सेनेटाइजर, साढे छह लाख के करीब दस्तानें और साढ़े छह लाख मास्क का उपयोग होगा। इसके अलावा तापमान नापने के लिए थर्मल स्कैनर मशीन का भी इंतजाम हर मतदान केन्द्र पर होगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी अशीष तिवारी का कहना है कि चुनाव आयोग ने कोरोनाकाल में होने वाले चुनावों को लेकर चुनाव संचालन से जुड़े नए दिशा-निर्देश तय किए हैं। इसके मुताबिक किसी भी मतदान केंद्र में एक हजार से ज्यादा मतदाता नहीं होंगे।

तापमान नापने के लिए अलग होगा कर्मचारी

इधर हर मतदान केंद्र में मतदाताओं का तापमान नापने के लिए एक कर्मचारी अलग से लगाया जाएगा। वहीं सेनेटाइजर देने के लिए एक कर्मचारी रहेगा। मतदान केन्द्र में मतदाता का तापमान नापने के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा।

ये होंगे विशेष इंतजाम

* 45 हजार का 450 लीटर सेनेटाइजर।

* 35 लाख की 7 हजार पीपीई किट।

* 65 लाख के 6.5 लाख दस्तानें।

* 40 लाख की 40 हजार फेस शीट।

* 65 लाख के 6.5 लाख मास्क।

Tags:    

Similar News