आज घुमड़ सकते हैं बादल, ग्वालियर में कल से बूंदाबांदी के आसार
रविवार या सोमवार को संभाग में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी भी हो सकती है
ग्वालियर। शनिवार को मौसम करवट बदल सकता है। आसमान में बादल घुमड़ सकते हैं जबकि रविवार और सोमवार को ग्वालियर-चंबल संभाग में कहीं-कहीं बूदबांदी भी हो सकती है। ऐसा भारतीय मौसम विभाग का पूर्वानुमान है। स्थानीय मौसम विज्ञानी हुकुम सिंह ने बताया कि इस समय पड़ोसी देश पाकिस्तान के उत्तरी हिस्से में पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है जो अगले 24 घंटे में पश्चिमी हिमालय में प्रवेश करेगा।
इस मौसम प्रणाली का प्रभाव उत्तर भारत के अधिकांश क्षेत्रों में देखने को मिलेगा। ग्वालियर-चंबल संभाग में भी इसका असर देखने को मिल सकता है। यहां शनिवार को बादलों की आवा-जाही शुरू हो सकती है जबकि रविवार या सोमवार को संभाग में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी भी हो सकती है। 17 अक्टूबर से मौसम फिर से शुष्क हो जाएगा। इसके बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट होगी।
जिससे रात में हल्की ठंड का दौर शुरू होगा। यदि बूंदाबांदी हुई तो दिन के तापमान में भी गिरावट हो सकती है। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 0.1 डिग्री सेल्सियस आंशिक वृद्धि के साथ 36.6 डिग्री सेल्सियस पर टिका रहा जो औसत से 2.1 डिग्री सेल्सियस अधिक है जबकि न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 19.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 0.1 डिग्री सेल्सियस अधिक है। आज सुबह हवा में नमी 74 और शाम को 61 प्रतिशत दर्ज की गई।