सिंधिया के गढ़ में राजा ने भरी हुंकार, कहा - समर्थकों ने सरकार गिराने के करोड़ो लिए

कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को चुनाव के लिए तैयार करने और उनमें समन्वय बनाने के लिए दिग्विजय सिंह कार्यकर्ताओं की बैठक ली।

Update: 2023-03-17 10:45 GMT

भोपाल। मप्र में चुनावी वर्ष शुरू होते ही राजनीतिक हलचल बढ़ गई है। जहां एक ओर भाजपा बूथ विस्तारक अभियान चला रही है। वहीँ दूसरी ओर कांग्रेस भड़ास बैठकों का आयोजन कर रही है।  जिसके जरिए कार्यकर्ताओं की मन की बात सुनी जा रही है।  इसी कड़ी में आज कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया और नरोत्तम मिश्रा के गढ़ कहे जाने वाले जिले दतिया में कार्यकर्ताओं की बैठक की। यहां उन्होंने संगठन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। 

इस दौरान उन्होंने ज्योतिरादित्य सिंधिया पर जमकर हमला बोला। राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने कहा कि सिंधिया और उनके समर्थक विधायकों ने दल-बदल के कितने करोड़ लिए है।  इसका अंदाजा आप उनकी आर्थिक स्थिति को देखकर लगा सकते है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छोड़ भाजपा में आते ही सिंधिया और उनके समर्थकों के बड़े-बड़े  महल बन रहे हैं।

माँ पीतांबरा के दर्शन - 

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह आज सुबह दतिया पहुंचे।  इस दौरान उन्होंने देवी मां पीताम्बरा के दर्शन किए। पीताम्बरा के दर्शन कर गर्भगृह के बाहर बैठकर विशेष पूजा-अर्चना भी की। उन्होंने प्रदेश में कांग्रेस की सत्ता में वापसी की भी कामना की।  इस दौरान उन्होंने मीडिया से चर्चा में सरकार और सिंधिया को निशाने पर लिया।  सरकार ना बचा पाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि आपको मालूम नहीं है कितने करोड़ रुपए लिए गए। सिंधिया और उनके समर्थक एमएलए ने कितने-कितने पैसे लिए हैं। जरा उनकी माली हालत देख लीजिए। सिंधिया समर्थकों के महल बन रहे हैं।

शिवराज सिंह पर साधा निशाना - 

इस दौरान राहुल गांधी के लंदन में दिए गए विवादित बयान के मुद्दे पर कहा कि राहुल गांधी जो हिन्दुस्तान में बोलते हैं, वही विदेशों में बोला है। आज का युग टेक्निकल युग है। कोई बात विदेश में बोलो या हिन्दुस्तान में वायरल तो हो ही जाती है। कर्नाटक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह द्वारा राहुल गांधी को बच्चा बुद्धि कहे जाने पर भी पलटवार किया।  दिग्विजय सिंह ने सीएम शिवराज पर निशाना साधते हुए कहा की उन्होंने अब तक किसान और गरीब के हित का काम नहीं किया है। यह तो बता दें पहले। कर्नाटक में एक मंत्री का बेटा दफ्तर में 60 लाख रुपए लेता पकड़ा गया। घर में करोड़ों मिले, इस विषय में उनके पास बोलने के कोई शब्द नहीं है।  

दिग्विजय सिंह ने ली कार्यकर्ताओं की बैठक - 

बता दें कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस संगठन ने दिग्विजय सिंह को 66 सीटों की जिम्मेदारी सौंपी है। जिसके लिए वह सभी क्षेत्रों में दौरा कर वहां कार्यकर्ताओं का फीडबैक ले रहे है।   इसी कड़ी में आज यहां पीताम्बरा पीठ के दर्शन करने के बाद सिंह ने मंडल और सेक्टर स्तर के कार्यकर्ताओं की बैठक ली।

Tags:    

Similar News