SwadeshSwadesh

उत्तर प्रदेश : पहले चरण के चुनाव में कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर

Update: 2019-04-06 17:00 GMT

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार करने से राजनीतिक दल कोई कसर न हीं छोड़ रहे हैं और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की आठ सीटों पर 11 अप्रैल को पहले चरण के होने वाले मतदान में कई दिग्गजों की साख दांव पर होगी। पहले चरण में सहारनपुर, कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर सीटों के लिए मतदान होगा। इसमें रालोद प्रमुख पूर्व केंद्रीय मंत्री चैधरी अजित सिंह, उनके बेटे जयंत चैधरी, मौजूदा केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह, महेश शर्मा, जैसे नाम प्रमुख रूप से शामिल हैं। पहले चरण में मुजफ्फरनगर से सपा-बसपा-रालोद महागठबंधन के सबसे चर्चित चेहरा चैधरी अजित सिंह हैं।

वहां उनका मुकाबला भाजपा के मौजूदा सांसद संजीव वालियान से हैं। सिंह ने 2014 में लोकसभा चुनाव बागपत से लड़ा था। जिसमें वे हार गए थे। बागपत से इस बार जयंत चैधरी चुनाव मैदान में हैं और उनका सामना भाजपा के मौजूदा सांसद सतपाल से है और यही से प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के चैधरी मोहकम चुनाव लड़ रहे हैं।

गाजियाबाद सीट पर मौजूदा सांसद और केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह का मुकाबला महागठबंधन के प्रत्याशी सुरेश बंसल से है यहीं से कांग्रेस उम्मीदवार डाॅली शर्मा जोर लगा रही हैं। पिछली बार वीके सिंह भारी मतों से जीते थे। गौतमबुद्ध नगर से केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा चुनाव लड़ रहे हैं जहां उनका सामना कांग्रेस नेता अरविंद सिंह से है जबकि महागठबंधन ने सत्यवीर नागर को उम्मीदवार बनाया है। सहारनपुर से मौजूदा सांसद राघव लखनपाल का सामना कांग्रेस के इमरान मसूद से है। उपचुनाव में कैराना से गठबंधन की उम्मीदवार रही तबस्सुम हसन ने सबको चैकाया था। इस बार वे यहां से मैदान में हैं। यहां भाजपा विधायक प्रदीप चैधरी कड़ी टक्कर दे रहे हैं।

मेरठ से भाजपा सांसद राजेंद्र अग्रवाल के सामने बसपा के पूर्व सांसद याकूब कुरैशी महागठबंधन की ओर से उम्मीदवार हैं। कांग्रेस ने यहां से पूर्व मुख्यमंत्री बाबू बनारसीदास के बेटे हरेंद्र अग्रवाल को उम्मीदवार बनाया है। बिजनौर सीट से मौजूदा सांसद कुंअर भारतेंद्र सिंह एक बार फिर अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। उनका मुकाबला बसपा के कभी भरोसेमंद रहे नसीमुद्ददीन सिद्दीकी से है। महागठबंधन ने यहां से मलूक नागर को उम्मीदवार बनाया है। आगामी 11 अप्रैल को प्रथम चरण का मतदान होने के बाद 23 मई को मतगणना होगी।

Similar News