SwadeshSwadesh

केंद्रीय वित्तमंत्री जेटली का राफेल डील को लेकर राहुल पर हमला, कहा - झूठ फैला रही है कांग्रेस

Update: 2018-08-29 09:37 GMT
Image Credit : ANI Tweet

नई दिल्ली। केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली ने राफेल सौदे को लेकर कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि वह खुद भ्रमित है और लोगों में झूठ फैला रही है। यही नहीं राफेल की कीमत पर वह लगातार अलग-अलग बयान भी दे रही है।

बुधवार को जेटली ने ब्लाग लिखकर कांग्रेस पर हमला बोला और राहुल गांधी से 15 सवाल पूछे। जेटली ने लिखा है कि कांग्रेस पार्टी बिना किसी आधार के सरकार पर इस डील को लेकर निशाना साध रही है। उन्होंने लिखा कि एक राष्ट्रीय पार्टी से इस प्रकार की उम्मीद की जाती है कि कोई भी आरोप लगाने से पहले वह तथ्यों की जांच करे। संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) ने इस डील में करीब एक दशक की देरी की, जिसका सीधा असर राष्ट्रीय सुरक्षा पर पड़ा।

अरुण जेटली ने कहा कि अभी तक इस डील के दाम पर जो कुछ राहुल गांधी और कांग्रेस कह रहे हैं, वह सब झूठ है। इस प्रकार के मुद्दे उठाकर कांग्रेस पार्टी सिर्फ इस डील को टालना चाह रही है, जिसका असर भारत की सुरक्षा पर पड़ा। उन्होंने कहा कि संप्रग सरकार पूरी तरह से निर्णय लेने में असमर्थ थी| क्या ये सही नहीं है कि इसी कारण इतनी महत्वपूर्ण डील करीब एक दशक तक टलती रही। उन्होंने सवाल दागा कि क्या इस डील में देरी के कारण ही भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा पर शंका नहीं खड़ी हुई।

जेटली ने सीधे राहुल गांधी पर भी सवाल दागा। उन्होंने लिखा है कि राहुल गांधी ने कई बार सरकार पर आरोप लगाते हुए राफेल के अलग-अलग दामों का जिक्र किया है। क्या राहुल गांधी को तथ्यों की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि सच सिर्फ एक होता है, लेकिन झूठ के कई चेहरे होते हैं। जेटली ने अरुण शौरी और यशवंत सिन्हा पर भी निशाना साधा और कहा कि मैं 'अवसरवादी राष्ट्रवादियों' पर कमेंट नहीं करना चाहता हूं। पहले ये हमारे साथ ही थे और अब हमारी आलोचना कर रहे हैं। जब तक उनके राजनीतिक करियर को फायदा मिलता रहा, तब तक वे हमारे साथ ही रहे। लेकिन अब क्योंकि विचार नहीं मिलते हैं तो ऐसी बात कर रहे हैं। 

Similar News