आतंकवाद मानवता का दुश्मन, भारत से युद्ध करेगा तो अब हम चुप बैठने वाले नहीं

Update: 2019-03-07 04:08 GMT

असंसियन। उप-राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने पराग्वे में भारतीय समुदाय के साथ गुरुवार अलसुबह बातचीत में कहा कि आतंकवाद मानवता का दुश्मन है। इसका कोई धर्म नहीं है। यह पागलपन के सिवा और कुछ नहीं है। इसे पूरी दुनिया से खत्म कर देना चाहिए। यह तभी संभव है जब पूरा अंतरराष्ट्रीय समुदाय एक साथ आए।

उप-राष्ट्रपति ने कहा कि आतंक से लड़ने में हम पूरी तरह से सक्षम हैं। हम भारत में आतंक से लड़ने के लिए किसी भी तरह का समर्थन नहीं चाहते हैं। हम सक्षम हैं। हमने हाल ही में अपनी क्षमता भी दिखाई है। गत 14 फरवरी को जब हमारे केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) जवानों के ऊपर आतंकी हमला हुआ, उसका हमने बदला लिया और आतंकियों के देश में जाकर कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि हमारी वायुसेना ने असैन्य कार्रवाई में एक भी नागरिक को नुकसान नहीं पहुंचाया और सटीक निशाना लगाया।

नायडू ने कहा कि जब हमारी सेना ने आतंकियों पर हमला किया तो अब चर्चा हताहतों की संख्या के बारे में हो रही है। किसी को संदेह है, तो वे पाकिस्तान का दौरा कर सकते हैं और पाकिस्तान सरकार से पूछताछ कर सकते हैं। लेकिन अगर कोई हमारी मातृभूमि के विरुद्ध छद्म युद्ध करेगा तो हम अब चुप बैठने वाले नहीं हैं। उल्लेखनीय है कि उप-राष्ट्रपति वेंकैया नायडू पराग्वे के दौरे पर हैं।

Similar News