SwadeshSwadesh

मप्र में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी, 25 जून तक आएगा मानसून

Update: 2019-06-05 12:52 GMT
ग्वालियर महाराज बाड़े पर पसरा सन्नाटा

भोपाल। मध्य प्रदेश में सूरज की तपिश कम होने का नाम नहीं ले रही है। नौतपा समाप्त होने के बाद गर्मी से आराम मिलने की उम्मीद थी, लेकिन सूरज के तीखे तेवर ने आम जनजीवन को बुरी तरह से बेहाल कर दिया है। प्रदेश भर में तीव्र लू को देखते हुए मौसम विभाग ने भी रेड अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग की मानें तो मध्यप्रदेश के 7 जिले भीषण गर्मी की चपेट में है, जिनमें दमोह, नौगांव, गुना, खजुराहो, सागर, श्योपुर, रायसेन में तापमान बुधवार को 47 डिग्री पहुंच गया है। विभाग की मानें तो अभी एक हफ्ता प्री-मानसून आने की कोई उम्मीद नही है। राजस्थान से आ रही गर्म हवा से तपिश और बढ़ रही है। जिसके चलते मध्यप्रदेश में रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिक आरआर त्रिपाठी ने बताया कि उत्तर-पश्चिम दिशा से गर्म हवाएं आ रही हैं। जिसके चलते लोगों को दिन और रात में गर्म हवा और उमस से परेशान होना पड़ रहा है। भोपाल समेत प्रदेश के 21 शहरों में तापमान 44 से 47 डिग्री के बीच रहा। वहीं ग्वालियर में तापमान 45 डिग्री दर्ज किया गया। यह सीजन का दूसरा सबसे गर्म दिन रहा।

मौसम वैज्ञानिक आरआर त्रिपाठी ने बताया कि फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की किसी प्रकार की संभावना नहीं है। हालांकि आगामी 24 घंटों में राज्य के कुछ हिस्सों में गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने की भी संभावना जताई है। इधर अगर प्री-मानसून की बात की जाए तो मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अभी 8 दिनों को कोई उम्मीद नहीं है। हलांकि संभावना जताई गई है कि 25 जून तक मध्य प्रदेश में मानसून का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि मानसून अगले 96 घंटे के भीतर केरल में दस्तक दे देगा। सामान्य तौर पर भारत में मानसून की शुरुआत केरल में बारिश के शुरू होने से मानी जाती है। इसके बाद महाराष्ट्र, राजस्थान होते हुए मानसून 25 जून के आसपास मध्यप्रदेश पहुंचेगा। (हि.स.)

 

Similar News