SwadeshSwadesh

राहुल की सभा-स्थल पर दिखी गुटबाजी, दिग्विजय-कमलनाथ समर्थकों ने की नारेबाजी

Update: 2018-09-17 14:01 GMT

भोपाल/स्वदेश वेब डेस्क। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी सोमवार को मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में रोड शो कर जहां पार्टी का शक्ति प्रदर्शन कर रहे थे, तो वहीं दूसरी तरफ शाम को पांच बजे शुरू होने वाली उनकी सभा के स्थल पर पार्टी कार्यकर्ता गुटों में बंटे नजर आए। सभा स्थल पर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी के समन्वय समिति के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह के समर्थक जमकर नारेबाजी कर रहे थे और नारेबाजी के विरोध में प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ के समर्थक भी अपने नेता के जयकारे लगा रहे थे।

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का पहला चुनावी दौरा कार्यकर्ताओं को उत्साह दे रहा है, किंतु मजबूत सांगठनिक ढांचे की कमी कार्यक्रम में स्पष्ट देखने मे आ रही है। अभी एक तरफ तो राहुल गांधी का रोड शो जारी था, तो वहीं दूसरी तरफ सभा स्थल पर पदाधिकारियों में आपसी समन्वय न होने से सभी अलग-अलग दिशाओं में भागते नजर आ रहे थे। कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई। वहीं, सेवादल के कार्यकर्ता एवं पुलिस बल उन्हें संभालने में लगे हुए थे। सभास्थल पर कार्यकर्ता भी गुटों में बंटे हुए नजर आए।  

Similar News