SwadeshSwadesh

रेप आरोपी कांग्रेस विधायक उमंग सिंघार को ढूढ़ रही 4 थानों की पुलिस

  • दुष्कर्म का मामला दर्ज होने के बाद से हुए फरार

Update: 2022-11-23 08:07 GMT

इंदौर/धार। पूर्व मंत्री और गंधवानी के विधायक उमंग सिंघार पर दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज होने के बाद से ही उनकी तलाश में पुलिस दो दिन से जुटी हुई है। मंगलवार को सीएसपी देवेंद्र सिंह धुर्वे के मार्गदर्शन में चार थानों की पुलिस की एक संयुक्त टीम बनाई, जो फरार विधायक की तलाश कर रही हैं, जिसमें कोतवाली पुलिस, नौगांव थाना, तिरला सहित साइबर क्राइम ब्रांच की टीम भी जांच में शामिल है। पुलिस आरोपी के गंधवानी, इंदौर सहित अन्य ठिकानों पर भी तलाश कर रही हैं। इधर विधायक ने कल अपना वीडियो जारी करके पक्ष रखने की कोशिश की थी, ऐसे में पुलिस साइबर की मदद लेकर आरोपी की लोकेशन तलाश रही है। धार के इस हाईप्रोफाइल मामले में सरकार की निगरानी में ही कार्रवाई की जा रही हैं। साथ ही प्रकरण से संबंधित हर बिंदु को लेकर चल रही जांच के बारे में वरिष्ठ अधिकारियों का मार्गदर्शन भी लिया जा रहा है।

कानून अपना काम करता है, ना हम किसी को बचाएंगे और ना किसी को फंसाएंगे: मुख्यमंत्री 

कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक उमंग सिंघार पर दुष्कर्म का मामला दर्ज होने के मामले पर आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कानून अपना काम करता है, ना हम किसी को बचाएंगे और ना किसी को फंसाएंगे। श्री चौहान ने कहा कि वे किसी व्यक्ति विशेष की बात नहीं करते। कानून अपना काम करता है, ना हम किसी को बचाएंगे और ना किसी को फंसाएंगे, लेकिन जो कानून है, अगर शिकायत की है तो उसकी जांच करके आवश्यक कार्रवाई करना तो पुलिस का कर्त्तव्य है। उन्होंने कहा कि किसी ने कहा कि यह सब भारतीय जनता पार्टी कर रही है। यह सुन कर उन्हें आश्चर्य हुआ। अगर कोई पीडि़त कोई बात कह रही है, तो उसे सुनना, जांच करना पुलिस का कर्तव्य है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस सबमें हस्तक्षेप नहीं करती। कानून अपना काम करता है। मध्यप्रदेश के धार जिले के गंधवानी से कांग्रेस विधायक उमंग सिंघार के खिलाफ एक महिला ने उनकी पत्नी होने का दावा करते हुए उनके खिलाफ दुष्कर्म और अन्य आपराधिक धाराओं के तहत धार जिले के नौगांव थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है। महिला की शिकायत पर रविवार देर शाम प्राथमिकी दर्ज की गयी। प्राथमिकी के अनुसार सिंघार ने इस महिला को विवाह का झांसा देकर उसका शारीरिक और मानसिक शोषण किया।श्री सिंघार ने आरोप लगाया है कि महिला ने उससे पैसों की मांग की और वह उनका राजनैतिक भविष्य बर्बाद करने की धमकी दे रही थी। इस सिलसिले में उन्होंने पुलिस को लिखित में दो नवंबर को शिकायत भी की है। 


Tags:    

Similar News