SwadeshSwadesh

जलगांव जनसभा में पीएम मोदी बोले - विश्व देख रहा है भारत का जोश

Update: 2019-10-13 07:30 GMT

मुंबई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को महाराष्ट्र में आयोजित एक जनसभा में कहा कि हमने 130 करोड़ भारतीयों के सपनों को पूरा करने के लिए हर जरूरी कदम उठाए। उन्होंने महाराष्ट्र के जलगांव में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा, 'आपने एक ऐसे भारत के लिए हमें आदेश दिया था, जो 130 करोड़ भारतीयों के सपनों और आकांक्षाओं की पूर्ति के लिए हर संभव कदम उठाए।"

महाराष्ट्र चुनाव की घोषणा होने के बाद प्रदेश में पीएम मोदी की यह पहली रैली है। जलगांव में जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "4 महीने पहले आपने एक समर्थ और सशक्त नए भारत के निर्माण के लिए वोट दिया था। आपने एक ऐसे भारत के लिए जनादेश दिया था, जो विश्व में अपने स्वाभाविक स्थान को हासिल करे।"

चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र में 21 अक्टूबर को एक ही चरण में चुनाव कराने की घोषणा की है। मतों की गिनती 24 अक्ट्रबर को होगी। लोकसभा चुनाव 2019 में भारी बहुमत के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सत्ता में वापसी के बाद यह पहला विधानसभा चुनाव है। महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल नौ नवंबर को खत्म हो रहा है।महाराष्ट्र विधानसभा में सीटों की संख्या 288 है। इसमें 234 सामान्य सीटें हैं, जबकि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए क्रमशः 29 और 25 सीटें आरक्षित हैं।

साल 2014 में महाराष्ट्र विधानसभा की 288 विधानसभा सीटों के लिए हुए चुनावों में भारतीय जनता पार्टी 122 सीटें हासिल कर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी। भाजपा ने पहली बार महाराष्ट्र में इतनी सीटें हासिल की थीं। वहीं, कांग्रेस 42 सीटों के साथ तीसरे स्थान पर खिसक गई। इसके अलावा, शिवसेना 63 सीटों के साथ दूसरे नंबर पर रहने वाली पार्टी थी। शरद पवार की राकांपा को 41 सीटें मिली थीं।

2014 में 63.08 प्रतिशत वोट डाले गए थे। कुल 52691758 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। जिसमें 28383004 पुरुष, 24308397 महिला और 357 थर्ड जेंडर वोटर्स शामिल थे। पिछले विधानसभा चुनाव में 63.08 प्रतिशत वोट डाले गए थे।

Tags:    

Similar News