SwadeshSwadesh

उत्तर 24 परगना में भाजपा के एक और कार्यकर्ता की पीट-पीटकर हत्या

Update: 2019-06-22 09:32 GMT

कोलकाता, 22 जून। राजधानी कोलकाता से सटे उत्तर 24 परगना जिले में एक और भाजपा कार्यकर्ता की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है। घटना जिले के आमडांगा थाना क्षेत्र की है। मृतक की पहचान नजिमुल करीम के तौर पर हुई। वह क्षेत्र के बहिचगाछी का रहने वाला था। शुक्रवार देर रात उसकी हत्या की गई है।

शनिवार सुबह बैरकपुर से भाजपा के नवनिर्वाचित सांसद अर्जुन सिंह ने दावा किया कि नजिमुल को भाजपा कार्यकर्ता होने की वजह से सत्तारूढ़ तृणमूल के लोगों ने पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है। सुबह के समय जब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तो लोगों ने घेर कर विरोध प्रदर्शन किया। यहां तक कि पुलिस की गाड़ी में भी तोड़फोड़ की गई।

अर्जुन सिंह ने कहा है कि वह शाम साढ़े तीन बजे के करीब मृतक नजिमुल के घर जाएंगे। उनके परिजनों से मिलकर परिस्थिति को समझेंगे। इसकी भी रिपोर्ट केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को भेजी जाएगी। सत्तारूढ़ तृणमूल की ओर से इस बारे में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिली है।

पुलिस ने बताया है कि नजिमुल के शरीर पर चोट के कई निशान मिले हैं ,जिसकी वजह से यह स्पष्ट हो गया है कि उनकी हत्या पीट-पीटकर की गई है। हालांकि मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। परिजनों ने दावा किया है कि सत्तारूढ़ तृणमूल के लोगों ने उसकी हत्या की है।

उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले ही क्षेत्र के भाटपाड़ा इलाके में दो समुदायों के बीच हुई हिंसा में गोली लगने से दो लोगों की मौत हुई थी और कई लोग घायल हुए थे। लोकसभा चुनाव के समय से ही यह पूरा क्षेत्र हिंसा की चपेट में है। चुनाव परिणाम आए हुए करीब एक महीने का समय बीत चुका है लेकिन हिंसा लगातार जारी है। (हि.स.)

 

Similar News