SwadeshSwadesh

अनुच्छेद-370 पर भाजपा करेगी देशभर में 370 सभाएं

Update: 2019-08-27 12:06 GMT

नई दिल्ली/विशेष प्रतिनिधि। अनुच्छेद-370 और 35(ए) को लेकर भाजपा देश में बने सकारात्मक माहौल को गर्म रखना चाहती है। लोगों के बीच इस मुद्दे को बनाए रखने के लिए पार्टी 370 जगहों पर जनसभा आयोजित करेगी। अभियान का जिम्मा दो केन्द्रीय मंत्रियों धर्मेंद्र प्रधान और गजेंद्र सिंह शेखावत को दिया गया है। एक अभियान जनसम्पर्क का होगा, जिसमें देश की प्रमुख हस्तियों से मिलकर इस पर समर्थन जुटाया जाएगा। दूसरा अभियान शहर, कस्बों और गांववालों के बीच जाकर जनमत तैयार करने का है। एक से 30 सितम्बर के बीच देश के 35 जगहों पर कार्यक्रम करने की योजना है।

केन्द्रीय पेट्रोलियम, प्राकृतिक गैस व इस्पात मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बताया कि इस अभियान में केन्द्र सरकार के मंत्री, भाजपा पदाधिकारी, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, राज्य के मंत्री, सांसद और विधायक जाएंगे। दरअसल, प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस द्वारा इस मुद्दे पर जहां भाजपा को घेरने की कोशिश नाकाम हो रही है, वहीं भाजपा देश के सामने इस मुद्दे की सही तस्वीर पेश करना चाहती है। भाजपा जानती है कि अनुच्छेद-370 को लेकर कांग्रेस की तरफ से भ्रम फैलाने की भरसक कोशिश चल रही है, ऐसे में सत्ता और संगठन के जरिए जनता के बीच उस भ्रम को तोडऩे की रणनीति के तहत इस अभियान की रूपरेखा बनाई गई है। भाजपा का इस मसले को लेकर सितम्बर में लोगों के बीच जाने का एक कारण पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव भी हैं। भाजपा नहीं चाहती कि विपक्ष इसको लेकर कोई नकारात्मक माहौल बनाए, इसके लिए पार्टी और सरकार के स्तर पर पूरी ताकत से जुटने जा रही है। पूरे अभियान को दो भागों में बांटा गया है। समाज में जनमत बनाने के लिए देश की प्रमुख वाली हस्तियों से पार्टी और सरकार के लोग मिलेंगे। वहीं आमजन के बीच इसे ले जाने के लिए जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। जनसम्पर्क अभियान की कमान पेट्रोलियम मंत्री प्रधान को दी गई है। उनके साथ केन्द्रीय मंत्री डा. जितेन्द्र सिंह, भाजपा महासचिव मुरलीधर राव, सांसद राज्यवर्धन राठौर और गौरव भाटिया हैं। जनजागरण अभियान की जिम्मेदारी केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत को दी गई है। उनके साथ केन्द्रीय संसदीय कार्यमंत्री प्रहलाद जोशी, भाजपा सचिव सत्य कुमार, भाजपा उपाध्यक्ष बिजयंत पांडा, लद्दाख के सांसद जामयांग नामग्याल और सांसद तेजस्वी सूर्या को रखा गया है। इस अभियान के तहत पार्टी देश के अलग-अलग शहरों, कस्बों में 370 सभाएं करेगी। पार्टी पदाधिकारी तथा मंत्री घर-घर जाकर बुद्धिजीवियों और समाज के प्रबुद्ध लोगों से मुलाकात कर इस मुद्दे के लाभ गिनाकर उनका समर्थन हासिल करेंगे। जम्मू-कश्मीर में ऊधमपुर, अनंतनाग, श्रीनगर, सुपौल, कठुआ और बारामूला, लद्दाख में लेह, कारगिल में जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।  

Tags:    

Similar News