SwadeshSwadesh

एनआरसी से किसी भारतीय पर न आए आंच : कांग्रेस नेता

Update: 2019-08-31 15:11 GMT

नई दिल्ली। राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर (एनआरसी) को लेकर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने सरकार से मांग की है कि पूरी प्रक्रिया से किसी भारतीय पर आंच नहीं आनी चाहिए। साथ ही उन्होंने देशभर में एनआरसी लागू कराने की मांग पर कहा कि सरकार असम में एनआरसी के मुद्दे पर फंस गई है। वह कैसे पूरे देश में इसे लागू कराएगी।

कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास 10 जनपथ पर शनिवार को एनआरसी के मुद्दे पर एक बैठक हुई। बैठक में असम, बंगाल के अलावा देश के कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने भाग लिया। बाद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि किसी भी भारतीय को सूची से बाहर नहीं किया जाना चाहिए। धर्म, जाति देखे बिना सभी भारतीयों को सुरक्षा और संरक्षण मिलना चाहिए।

राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर 1951 में विदेशी नागरिकों को अलग करने के लिए लाया गया था। अब इसे अद्यतन किया जा रहा है। इस क्रम में शनिवार की सुबह 10 बजे इसका अंतिम प्रारूप सार्वजनिक किया गया। एनआरसी की अंतिम सूची में 3,11,21,004 लोगों के नाम आए हैं, जबकि 19,06,657 लोग इससे बाहर हो गए हैं।

भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष मनोज तिवारी द्वारा दिल्ली में एनआरसी लागू किए जाने की मांग से जुड़े प्रश्न का उत्तर देते हुए चौधरी ने कहा कि भाजपा असम में एनआरसी को लेकर फंसी हुई नजर आ रही है। उससे यह मुद्दा संभल नहीं रहा है। अगर वह चाह रही है इसे देशभर में लागू किया जाना चाहिए तो यह उनकी मर्जी है, उनकी सरकार है, वह ऐसा कर सकती है।

चौधरी ने कहा कि वह चाहे तो संसद में भी एनआरसी लागू करा सकती है। उनके पिताजी बांग्लादेश से आए थे। ऐसे में उन्हें भी बाहर किया जा सकता है।

Tags:    

Similar News