कोलकाता। उत्तर 24 परगना के पानीहटी में भाजपा द्वारा आयोजित लोकतंत्र बचाओ जनसभा को संबोधित करते हुए मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दावा किया है कि ममता बनर्जी के शासन में बंगाल में चारों ओर हिंसा का माहौल है। उन्होंने कहा कि ममता ने हर ओर भाजपा कार्यकर्ताओं को मारने-पीटने और हत्या करने का निर्देश दिया है, लेकिन यह अंधेरगर्दी अधिक दिनों तक चलने वाली नहीं है। जुल्म का यह अंधेरा छटेगा, सूरज निकलेगा और भाजपा का कमल खिलेगा।
शिवराज सिंह चौहान ने ममता बनर्जी पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने बंगाल की संस्कृति को कुचलने का काम किया है और लोकतंत्र का गला घोटने का काम किया है। शिवराज ने कहा कि एमपी में अभी विधानसभा चुनाव हुए हैं, जिनमें कोई हिंसा नहीं हुई, जबकि पश्चिम बंगाल में छोटा से छोटा चुनाव विपक्षी कार्यकर्ताओं के खून से लाल हो जाता है। पानीहटी में जनसभा को संबोधित करने से पहले शिवराज सिंह चौहान ने कोलकाता में स्थित प्रदेश भाजपा के मुख्यालय में भी मीडिया से बात की। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी ने उनके हेलीकॉप्टर को उतरने की अनुमति नहीं दी, जिसके बाद वे सड़क मार्ग से कोलकाता पहुंचे हैं।
शिवराज ने कहा कि बंगाल में चुनाव में भाजपा कार्यकर्ताओं को फांसी पर लटकाया जाता है। जिस ढंग से बंगाल में ममता बनर्जी के घर के बगल में स्थित भाजपा कार्यालय को तोड़ा गया, वह शर्मनाक है। बंगाल आज आतंक का पर्याय बन गया है। ममता बनर्जी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी को एक पुलिस अधिकारी की चिंता हुई, जबकि लाखों लोगों का पैसा डूबा, उसकी चिंता उन्होंने नहीं की। उन्होंने कहा कि ममता दीदी तब भी धरने पर नहीं बैठीं जब उनके नेता गिरफ्तार हुए, लेकिन सीबीआई कमिश्नर से पूछताछ करने के लिए पहुंची तो वे धरने पर बैठ जाती हैं, ऐसा तो अंग्रेजों के समय में नहीं हुआ।
शिवराज सिंह चौहान ने महागठबंधन पर कहा कि सारे लोग पीएम मोदी की लोकप्रियता से घबराए हुए हैं। ये लोग देश बचाने के लिए नहीं, भ्रष्टाचार बचाने के लिए एकसाथ आए हैं। उन्होंने कहा कि यूपी में माया के जाल में अखिलेश हैं या अखिलेश के जाल में माया, लेकिन मोदी को नहीं रोक सकते। उन्होंने कहा कि उन्होंने मध्य प्रदेश में कभी सीबीआई को नहीं रोका। एमपी में कोई रोबर्ट आ जाए फिर भी 25 सीटों पर भाजपा जीत दर्ज करेगी।
उन्होंने कहा कि दो दिनों की हैं बहारें जग में, कब जुल्म किसी का चलता है, यह जुल्म का सूरज लाख चढ़े, हर शाम को लेकिन ढलता है, ये सूरज ढलेगा, नूर की एक किरण जुल्म पर भारी पड़ेगी, रात उनकी है, लेकिन सुबह हमारी होगी, लोकतंत्र की सुनहरी सुबह भाजपा लेकर जरूर आएगी। प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन के दौरान उन्होंने तृणमूल कांग्रेस की नीति और नीयत पर सवाल किया। बंगाल में भाजपा की सभाओं को अनुमति नहीं मिलने पर उन्होंने ममता सरकार को निशाना बनाया और कहा कि ऐसा अंग्रेजों के जमाने में भी नहीं होता था। ममताजी जितनी ताकत से भाजपा को रोकेगी, जनता उतने ही उत्साह से भाजपा के साथ खड़ी होगी। भाजपा तृणमूल सरकार को उखाड़ फेंकेगी। भाजपा के कार्यकर्ता डरने और दबने वाले नहीं हैं।
उन्होंने गठबंधन को ठगबंधन बताते हुए ममता पर कटाक्ष किया कि बेमेल गठबंधन कभी सफल नहीं होगा। यह गठबंधन मोदी की वापसी को नहीं रोक सकता। इस बार भी भाजपा केंद्र में शानदार सफलता हासिल कर सरकार बनाएगी। अकेले भाजपा 300 तक सीटें हासिल करेगी। बंगाल में भी इसकी सीटें काफी बढ़ेंगी। उन्होंने गठबंधन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि हाथ मिले हैं, लेकिन दिल नहीं मिले हैं। बंगाल में निवेश के सवाल पर उन्होंने कहा कि जबतक तृणमूल तोलाबाजी टैक्स अर्थात टीटीटी नहीं खत्म होगा बंगाल में निवेश नहीं हो पाएगा।