SwadeshSwadesh

महाराष्ट्र, हरियाणा विस चुनाव : 18 राज्यों की 64 सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान सोमवार को

Update: 2019-10-20 12:34 GMT

नई दिल्ली। केंद्रीय चुनाव आयोग ने सोमवार को महाराष्ट्र और हरियाणा में विधानसभा चुनाव के लिए होने वाले मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। विधानसभा चुनाव के लिए दोनों राज्यों में होने वाले मतदान के साथ ही 18 राज्यों की 64 विधानसभा और दो लोकसभा सीटों पर भी सोमवार को वोट डाले जाएंगे। महाराष्ट्र में 288 और हरियाणा में 90 विधानसभा सीटें हैं।

महाराष्ट्र और हरियाणा के साथ ही 18 राज्यों में हो रहे उपचुनाव के लिए गत शनिवार को प्रचार थम गया। सोमवार को मतदान के बाद 24 अक्टूबर को चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।

महाराष्ट्र में चुनावी मैदान में कुल 3237 उम्मीदवार हैं, जिनकी किस्मत का फैसला 8,97,22,019 मतदाता करेंगे। चुनाव के लिए कुल 96,661 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। हरियाणा में 1169 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। इनमें 1064 पुरुष, 104 महिलाएं और एक अन्य उम्मीदवार शामिल हैं। हरियाणा में कुल 1,82,82,570 मतदाता हैं. हरियाणा में कुल 19,578 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं।

महाराष्ट्र में मौजूदा समय में भाजपा-शिवसेना गठबंधन की सरकार है। यहां मुख्य मुकाबला भाजपा-शिवसेना गठबंधन और कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन के बीच है। हरियाणा में सत्तारूढ़ भाजपा, कांग्रेस व इनेलो के बीच मुकाबला तय है। यहां हाल ही में इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) से अलग होकर दुष्यंत चौटाला ने जननायक जनता पार्टी (जजपा) का गठन किया है।

लोकसभा की जिन दो सीटों पर मतदान होगा, उनमें बिहार की समस्तीपुर और महाराष्ट्र की सतारा सीट शामिल हैं। समस्तीपुर के लोजपा सांसद रामचंद्र पासवान के निधन के कारण इस सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है। इस सीट से रामचंद्र पासवान के बेटे प्रिंस राज उम्मीदवार हैं जबकि सतारा से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) सांसद उदयनराजे भोसले ने लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था, जिसके कारण यहां उपचुनाव हो रहे हैं। छत्रपति शिवाजी महाराज के वंशज भोसले सतारा सीट पर भाजपा उम्मीदवार के तौर पर किस्मत आजमा रहे हैं। राकांपा ने उनके खिलाफ श्रीनिवास पाटील को चुनाव मैदान में उतारा है। उपचुनाव के नतीजे भी 24 अक्टूबर को आएंगे।

इसके साथ ही कर्नाटक की 15, उत्तर प्रदेश की 11, बिहार की पांच, गुजरात की चार, मध्य प्रदेश की एक, राजस्थान की दो, पंजाब की चार, असम की चार, केरल में पांच, मेघालय,ओडिशा व पुडुचेरी की एक-एक, सिक्किम में तीन, तमिलनाडु में दो, तेलंगाना की एक, छत्तीसगढ़ की एक, अरुणाचल प्रदेश में एक और हिमाचल प्रदेश की दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव कराए जा रहे हैं।

Tags:    

Similar News