SwadeshSwadesh

राज्यपाल से मिलकर हेमंत सोरेन ने पेश किया सरकार बनाने का दावा, 29 दिसंबर को शपथग्रहण

Update: 2019-12-24 16:00 GMT

नई दिल्ली। झारखंड विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है। राज्यपाल से मुलाकात के बाद हेमंत सोरेन ने कहा कि हमने 50 विधायकों के समर्थन के साथ झारखंड में सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है। हमने राज्यपाल से राज्य में नई सरकार के गठन के लिए आमंत्रित करने का अनुरोधि किया है। हेमंत सोरेन 29 दिसंबर को दोपहर एक बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

बता दें कि राज्यपाल से मिलने के पहले झारखंड विधानसभा चुनाव में झामुमो-कांग्रेस-राजद गठबंधन की जीत के बाद मंगलवार को हेमंत सोरेन को सर्वसम्मति से झारखंड मुक्ति मोर्चा के विधायक दल का नेता चुना गया। पार्टी के प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने बताया कि सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से हेमंत सोरेन को झामुमो के विधायक दल का नेता चुना है।

झारखंड विधानसभा चुनावों में झामुमो-कांग्रेस-राजद गठबंधन को 81 में से 47 सीटें मिली हैं। जबकि राज्य में सत्ताधारी पार्टी भारतीय जनता पार्टी 25 सीट पर ही सिमट कर रह गई है। चुनाव में जीत और बहुमता का आंकड़ा पार करने के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकारी अध्यक्ष और राज्य विधानसभा चुनावों में विपक्षी गठबंधन के नेता हेमंत सोरेन गठबंधन के सभी विधायकों के साथ बैठक भी किए।

Tags:    

Similar News