SwadeshSwadesh

देश को मजबूर नहीं, मजबूत सरकार चाहिए : पीएम मोदी

कांग्रेस सेना का मनोबल गिराने और हम सेना का मनोबल बढ़ाने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं

Update: 2019-04-06 15:21 GMT

रायपुर। एक लाख से अधिक की संख्या में उपस्थित जनसमूह, मोदी, मोदी के नारे, फिर स्थिरता भरे भाव से दृढ़ कदम रखते हुए मोदी की उपस्थिति ने शनिवार को बालोद के हथौद गांव में सब कुछ भाजपामय कर दिया। मौका था भाजपा की विजय संकल्प रैली का। इस रैली में एक विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए अपनी विशिष्ट शैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर चुन-चुन कर वार किए। चमकदार सफेद सिल्की कुर्ता पजामा में आत्मविश्वास से भरे मोदी ने लोगों से नए भारत के निर्माण के लिए जनादेश मांगा। अपने भाषण की शुरुआत में छत्तीसगढ़ के सभी देवियों के जयकारे लगाते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपा की स्थापना दिवस पर सब का आभार व्यक्त किया और कहा कि कांग्रेस की नीति और नीयत में खोट है ।

इस मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार पर जनता से किये वादे पूरे न करने पर आड़े हाथों लिया। राष्ट्रीय संदर्भ में उन्होंने विशाल जनसभा से सवाल किया कि देश को मजबूर सरकार चाहिए या मजबूत सरकार चाहिए। आतंकवाद का मुकाबला करने वाली सरकार चाहिए या आतंकवादियों का बचाव करने वाली सरकार चाहिए। छत्तीसगढ़ के बारे में जिक्र करते हुए उन्होंने सवालों की बौछार की, जिसपर जनता ने उनकी हर बात का पुरजोर समर्थन व्यक्त किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने विशाल जनसमुदाय से पूछा कि आपको चौकीदार चाहिए या भ्रष्टाचारियों की बारात? मजबूर सरकार चाहिए या मजबूत सरकार? प्रधानमंत्री ने कहा कि मजबूर सरकार हो तो कोई भी आंख दिखाकर चला जाता है। लेकिन यदि सरकार मजबूत हो तो एयर स्ट्राइक और सर्जिकल स्ट्राइक होती है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि नामदारों की नीयत में खोट है, इसलिए जमानत पर बाहर हैं।

कांग्रेस पर हमला करते हुए मोदी ने कहा कि कांग्रेस अपनी पार्टी की सरकार बनाने के लिए चुनाव लड़ रही है और हम अपने देश के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश की जनता की गाढ़ी कमाई लूटने के लिए चुनाव लड़ रही है और हम एक-एक पाई देश के हित में लगाने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस आतंकवादियों को खुली छूट देने के लिए चुनाव लड़ रही है और हम आतंकवाद को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस सेना का मनोबल गिराने के लिए चुनाव लड़ रही है और हम सेना का मनोबल बढ़ाने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं।

छत्तीसगढ़ के हालात पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यहां से माओवादियों को साफ करने का काम भाजपा की सरकार ने किया, लेकिन कांग्रेस को जवानों की परवाह नहीं है। कांग्रेस घोषणापत्र में कहती है कि उसकी सरकार आयेगी तो राष्ट्रद्रोह का कानून हटा लिया जाएगा। मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने जनता से झूठ बोलकर वोट लिया और सरकार बनते ही ट्रांसफर पोस्टिंग का उद्योग खोल दिया। प्रधानमंत्री ने शराबबंदी, कर्ज माफी, बेरोजगारी भत्ता सहित अनेक मुद्दों का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस ने गरीब को इलाज तक से वंचित कर दिया और जिस जनता ने कांग्रेस को वोट दिया, कांग्रेस ने उसे ही धोखा दे दिया।

प्रधानमंत्री मोदी ने बालोद के हथौद की सभा के जरिये चार लोकसभा क्षेत्रों में चुनावी शंखनाद करते हुए मजबूत सरकार बनाने का आह्वान किया। इस सभा में भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं कांकेर सांसद विक्रम उसेंडी, पूर्व मंत्री प्रेमप्रकाश पाण्डेय, राजेश मूणत, दयालदास बघेल, महासमुंद सांसद चंदूलाल साहू, राजनांदगांव सांसद अभिषेक सिंह, कांकेर प्रत्याशी मोहन मंडावी, दुर्ग प्रत्याशी विजय बघेल, राजनांदगांव प्रत्याशी संतोष पाण्डेय और महासमुंद प्रत्याशी चुन्नीलाल साहू सहित अन्य नेता मौजूद थे।

Similar News