SwadeshSwadesh

देश का चौकीदार प्योर है, अगली बार मोदी सरकार बनना स्योर

Update: 2019-02-17 14:33 GMT

भुवनेश्वर। केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा चौकीदार को चोर कहे जाने को लेकर उन पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि देश का चौकीदार प्योर है और अगली बार मोदी सरकार बनना स्योर है।

राजनाथ रविवार को भद्रक जिले के राणीताल में उत्तर ओडिशा के भाजपा के शक्ति केन्द्र प्रमुखों के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने पुलवामा में आतंकी हमले में शहीद हुए प्रदेश के दो जवानों- मनोज कुमार बेहेरा और प्रसन्न कुमार साहू को याद किया। उन्होनें कहा कि इन दोनों बलिदानियों की तरह अन्य बलिदानियों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। जो भी इसके पीछे हैं उन्हें सजा जरूर मिलेगी। शनिवार को सर्वदलीय बैठक में सभी दलों ने एक स्वर से इस कायरतापूर्ण घटना की निंदा की। उन्होंने कहा कि देश के गृहमंत्री के रूप में वह विश्वास दिलाना चाहते हैं कि इस मामले में बदला लिया जाएगा।

भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सिंह ने कहा कि उन्हें शक्ति केन्द्र प्रमुखों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए काफी खुशी हो रही है। भाजपा के बूथ स्तरीय कार्यकर्ता ही इसके आधार हैं। वर्ष 1984 में भाजपा को लोकसभा में केवल दो सीटें मिली थीं, लेकिन कार्यकर्ताओं की मेहनत के कारण पार्टी आज सत्ता में है। पहले देश की राजनीति एक ध्रुवीय हुआ करती थी, लेकिन अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी जैसे नेताओंके कारण देश की राजनीति दो ध्रुवीय हुई है।

उन्होंने कहा कि मोदी ने सत्ता में आने के बाद देश के गौरव को विदेशों में ऊंचा किया है। पार्टी की सरकार आने के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की साख बढ़ी है। उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 19 साल से यहां स्थायी सरकार है, लेकिन ओडिशा का विकास नहीं हो पाया है। इसका जवाब मुख्यमंत्री को देना होगा। जिस राज्य में भाजपा की सरकार है वहां तेजी से विकास हो रहा है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि बीजद सरकार ने आयुष्मान भारत योजना को लागू नहीं किया है। यह संदेश लोगों तक पहुंचाना जरूरी है। सौभाग्य योजना के तहत केन्द्र सरकार हर घर में बिजली पहुंचाने का कार्य कर रही है। किसानों के लिए सरकार काफी कुछ कर रही है। न्यूनतम समर्थन मूल्य को लागत मूल्य से डेढ़ गुना अधिक किया गया है। इसके अलावा किसानों को छह हजार रुपये की राशि उनके बैंक खातों में जमा की जा रही है। 

Similar News