SwadeshSwadesh

Congress Bharat Bachao Rally: सरकार की गलत नीतियों से अर्थव्यवस्था हुई चौपट - प्रियंका

-भाजपा की विभाजनकारी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस की भारत बचाओ रैली

Update: 2019-12-14 08:30 GMT

नई दिल्ली । कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी, राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस ने शनिवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में भारत बचाओ रैली का आयोजन किया है। प्रियंका ने नागरिकता संशोधन विधेयक पर कहा कि कुछ लोग अपने सियासी स्वार्थ साधने के लिए देश में विभाजन के बीज बोने में लगे हैं। हमें उनसे सावधान रहना होगा। उन्होंने आगाह किया जो लोग आज अन्याय के खिलाफ खड़े नहीं होंगे, उन्हें भविष्य में कायर कहा जाएगा।

रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि हमारे सामने इस देश को बचाने की चुनौती है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग अपने सियासी हित साधने के लिए देश के समावेशी परिवेश को छिन्नभिन्न कर देना चाहते हैं। लोगों को ऐसी विभाजनकारी शक्तियों से सावधान रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने अपनी अदूरदर्शी योजनाओं से देश को भीषण आर्थिक मंदी की ओर ढ़केल दिया है। कानून व्यवस्था की स्थिति चौपट हो गई है, अपराधी तत्व बेलगाम हो गए हैं।

प्रियंका ने मोदी सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा है तो सौ रुपए किलो प्याज मुमकिन है, लेकिन अमन, समावेशी माहौल, कानून-व्यवस्था संभव नहीं है। उन्होंने कहा छह माह में मोदी सरकार ने भारत की अर्थव्यवस्था को पूरी तरह चौपट कर दिया है। उन्हें इस स्थिति से बाहर निकलने का रास्ता नहीं सूझ रहा है। उधर, वित्तमंत्री निर्मला सीतारमन दावा कर रही हैं कि सब कुछ ठीक है, हम दुनिया में शीर्ष पर हैं। एक चीज उन्होंने नहीं कही कि अच्छे दिन आने वाले हैं।

कांग्रेस ने भाजपा की विभाजनकारी नीतियों को उजागर करने के लिए इस रैली का आयोजन किया है। रैली में वक्ताओं ने मोदी सरकार की विफलताओं और देश के नागरिकों में विभाजन पैदा करने प्रयासों की आलोचना की। कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर यह सोनिया गांधी की पहली बड़ी रैली है।

Tags:    

Similar News