SwadeshSwadesh

अन्नाद्रमुक और भाजपा के बीच गठबंधन, पांच सीटों पर लड़ेगी भाजपा

Update: 2019-02-19 11:45 GMT

चेन्नई। भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को आगामी लोकसभा चुनावों के मद्देनजर दक्षिण भारत में अपनी पकड़ मजबूत बनाने के लिए तमिलनाडु की सत्तारुढ़ पार्टी अन्नाद्रमुक के साथ गठबंधन किया है।

तमिलनाडु की 39 सीटों के लिए हुए गठबंधन में भारतीय जनता पार्टी को 5 सीटें दी गई हैं। इससे पहले भाजपा की राज्य में केवल एक सीट कन्याकुमारी ही थी, जिससे वर्तमान में केन्द्र में राज्यमंत्री पोन राधाकृष्णन सांसद हैं। इसके अलावा गठबंधन मिलकर पुडुचेरी की एकमात्र सीट पर भी चुनाव लड़ेगा।

अन्नाद्रमुक के संयोजक और उपमुख्यमंत्री ओ. पन्नीरसेल्वम और केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता पीयूष गोयल ने 'महागठबंधन' की घोषणा की। गोयल तमिलनाडु के लिए भाजपा के प्रभारी हैं। भाजपा की ओर से बातचीत कर रहे केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि दोनों पार्टियां मिलकर 21 सीटों पर होने वाले उप चुनावों में भी साथ लड़ेंगी।

राष्ट्रीय स्तर पर यह गठबंधन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चुनाव लड़ेगा, वहीं राज्य में अन्नाद्रमुक नेतृत्व की भूमिका में रहेगी।

इसके अलावा अन्नाद्रमुक ने राज्य की अन्य पार्टी पीएमके के साथ भी गठबंधन किया है। पीएमके के मुखिया अंबुमणि रामदौस के साथ मुख्यमंत्री ई. पलनीस्वामी, उपमुख्यमंत्री ओ. पन्नीरसेल्वम ने मुलाकात की और पीएमके को गठबंधन में 7 सीटें दी गई। अन्नाद्रमुक ने पिछली बार 37 सीटें हासिल की थीं। इस बार वह अपनी जीती सीटों में से 12 सीटें कम पर संतोष कर रहा है।

Similar News