SwadeshSwadesh

ओकाया फैक्ट्ररी में लगी भीषण आग, एक दमकलकर्मी की मौत, 17 घायल

Update: 2020-01-02 11:00 GMT

नई दिल्ली। बाहरी दिल्ली के पश्चिम विहार वेस्ट इलाके स्थित पीरागढ़ी इलाके में गुरुवार सुबह ओकाया फैक्ट्ररी में भीषण आग लग गई। बिल्डिंग परिसर के बैक साइड में आग की वजह से हुए जोरदार धमाके से इमारत का गोदाम का हिस्सा मलबे में तब्दील हो गया। जिसकी वजह से ओकाया फैक्ट्ररी में मौजूद कुछ लोगों समेत एक दर्जन से अधिक दमकलकर्मी भी फंस गए। जिसमें एक दमकलकर्मी की देर तक फंसे रहने की वजह से मौत हो गई। शहीद हुए दमकलकर्मी की पहचान अमित बालियान (27) के रूप में हुई है। आग पर काबू पाने के लिए लोकल पुलिस के अलावा दमकल की पहले सात गाड़ियां, उसके बाद हालात बिगड़ते देख दिल्ली के अलग-अलग दमकल स्टेशनों से 35 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। आग की वजह से आसपास की बिल्डिंगों को भी खतरा पैदा हो गया। घटनास्थल पर एनडीआरएफ, सिविल डिफेंस व अन्य ऐजेंसियां मौके पहुंच गई। करीब 10 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला जा सका। देर शाम तक मलबे को हटाने व बिल्डिंग में कूलिंग का काम जारी रहा। हादसे में 18 लोग चपेट में आए। जिन्हें प्राइवेट अस्पताल बालाजी एक्शन व संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस व दमकल विभाग के अनुसार, गुरुवार सुबह 4:24 बजे आग की कॉल लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही करीब 21 दमकल कर्मी कुछ ही देर में मौके पर पहुंच गए थे। आग बेसमेंट तक पहुंच चुकी थी। आग पर काबू करने के लिए दमकलकर्मी इमारत की पीछे वाले हिस्से में थे। जबकि दो दमकलकर्मी बेसमेंट में आग बुझा रहे थे। करीब 8:45 के करीब आग की वजह से फैक्ट्री में तीन धमाके हुए। धमाके के कारण तीन मंजिला इमारत पूरी तरह गिर गई। मलबे में एक चौकीदार बिजेंद्र कश्यप समेत 18 दमकल कर्मी फंस गए। जिनमें से तीन को निकाल लिया गया। ये तीनों फैक्ट्री कर्मचारी थे, जिसमें दो लेबर व एक चौकीदार बिजेन्द्र हैं। तीनों को नजदीकी अस्पताल भेजा गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। बाकी दमकल कर्मियों को संजय गांधी अस्पताल व बालाजी एक्शन में भर्ती कराया गया। यहां उनका उपचार चल रहा है। इनमें मीत नगर, लोनी गोल चक्कर निवासी अमित बाल्यान की मौत हो चुकी है। जबकि दूसरे दमकलकर्मी मंजीत राणा की हालत गंभीर बनी हुई है। वह आईसीयू में भर्ती हैं।

दिल्ली दमकल के डायरेक्टर अतुल गर्ग ने बताया कि सुबह चार बजकर 24 मिनट पर पीरागढ़ी के उद्योग विहार की फैक्ट्ररी में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद दमकल की सात गाड़ियां मौके पर पहुंची। इस दौरान ब्लास्ट हुआ और इमारत गिर गई। इसमें फायरकर्मियों समेत कई लोग इसमें फंस गए थे। फिलहाल पश्चिम विहार वेस्ट थाना पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही हैं। 

Tags:    

Similar News