SwadeshSwadesh

हादसा : दक्षिण कोलकाता में गिरा फ्लाईओवर, एक की मौत 24 घायल, बंद हुई सर्कुलर रेल सेवा

Update: 2018-09-04 15:21 GMT

कोलकाता / स्वदेश वेब डेस्क। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में दो वर्ष पहले पोस्ता थाना इलाके में निर्माणाधीन विवेकानंद फ्लाईओवर हादसे में हुई 21 लोगों की मौत की भयावह यादें ताजा करते हुए मंगलवार दोपहर दक्षिण कोलकाता के डायमंड हार्बर रोड पर 40 साल पुराना माझेरहाट फ्लाईओवर धराशाई हो गया। जिस समय बह हादसा हुआ उस समय ब्रिज में काफी यातायात था। घटना में एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है जबकि 24 लोग घायल बताए जा रहे हैं।

हालांकि अनाधिकारिक तौर पर पांच लोगों के मारे जाने की खबर है। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि फ्लाईओवर के बीच का करीब 30 फीट का हिस्सा टूटकर जमीन पर जा गिरा। उस हिस्से पर एक बस और 5-6 कारें गुजर रही थीं। हादसे के बाद ब्रिज के नीचे भी कुछ बाइक और गाड़ियां फंस गई। घटना के बाद आपदा प्रबंधन, अग्निशमन विभाग और कोलकाता पुलिस समेत अन्य सुरक्षा एजेंसियां बचाव कार्य में जुट गई। देर शाम तक 21 लोगों को ब्रिज के नीचे से निकाला गया है जिनमें से एक व्यक्ति को एसएसकेएम अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया जबकि बाकी के 24 लोगों का इलाज किया जा रहा है। अभी भी कुछ लोगों के मलबे के नीचे फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद कोलकाता पुलिस के आयुक्त राजीव कुमार, मेयर शोभन चटर्जी और राज्य के शहरी विकास मंत्री फिरहाद हकीम भी मौके पर पहुंचे। मीडिया से बात करते हुए फिरहाद ने दावा किया कि ब्रिज के नीचे फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।

सूबे की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी फिलहाल अपने उत्तर बंगाल दौरे पर सिलीगुड़ी में हैं। उन्होंने वहीं से वीडियो संदेश जारी कर घोषणा की है कि घटना की जांच होगी। उन्होंने मृतक के परिजनों के प्रति सांत्वना व्यक्त की है एवं जल्द से जल्द कोलकाता पहुंचने का आश्वासन दिया है।

अस्थाई तौर पर बंद हुई सर्कुलर रेल सेवा

घटना के बाद माझेरहाट स्टेशन से गुजरने वाली सर्कुलर रेल सेवा अस्थाई तौर पर रोक दी गई है। पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी रवि महापात्रा ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सावधानी बरतते हुए अस्थाई तौर पर सर्कुलर रेल की सेवा बंद की गई है। जैसे ही हालात सामान्य होंगे इसे दोबारा शुरू किया जाएगा।

विपक्ष ने की जांच की मांग

माकपा और भाजपा ने ब्रिज गिरने की घटना की जांच कराने की मांग की है। पश्चिम बंगाल वाम मोर्चा के चेयरमैन विमान बोस ने इस बारे में कहा है कि घटना में पांच लोगों के मरने की सूचना मिल रही है। उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। यह घटना बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि ब्रिज गिरने की घटना की गहन जांच होनी चाहिए। किस वजह से यह ब्रिज गिरा एवं इसके रखरखाव करने वालों की टीम क्या कर रही थी, इस बारे में विस्तृत जांच होनी चाहिए। दूसरी तरफ भाजपा ने घटना में घायल होने और मरने वाले लोगों के लिए विमान दुर्घटना के सामान आर्थिक मदद देने की मांग की है। इसके साथ ही ब्रिज की देखरेख करने वालों को लापरवाही के लिए सजा देने की मांग भी भाजपा ने की है। पार्टी नेता मुकुल राय ने ब्रिज गिरने की घटना के लिए मुख्यमंत्री और राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि ममता बनर्जी दावा कर रही हैं कि कोलकाता का सौंदर्यीकरण और विकास किया जा रहा है तो क्या यही विकास है? विवेकानंद फ्लाईओवर के बाद माझेरहाट ब्रिज गिरा है। सरकारी तंत्र में मौजूद भ्रष्टाचार की वजह से लोगों की जान-माल का नुकसान हो रहा है। मुख्यमंत्री को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए।

ममता ने दिया जांच का आश्वासन

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने घटना की जांच कराये जाने की घोषणा की है। सीएम फिलहाल उत्तर बंगाल दौरे पर सिलीगुड़ी में हैं। वहीं से वीडियो संदेश जारी कर मुख्यमंत्री ने कहा कि 'ब्रिज गिरने की खबर सुनकर काफी चिंतित हूं। सरकार की पहली प्राथमिकता वहां फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है। मैं लगातार लोगों को बचाने की काम में जुटी आपदा प्रबंधन टीम से संपर्क में हूं'। ममता ने यह भी कहा है, कि वे जल्द से जल्द कोलकाता लौटना चाहती हैं लेकिन सिलीगुड़ी से फिलहाल कोई फ्लाइट नहीं है, इसीलिए ऐसा करना संभव नहीं हो पा रहा है।

विवेकानंद फ्लाईओवर गिरने से हुई थी 21 लोगों की मौत

ज्ञात हो कि 31 मार्च 2016 को बड़ा बाजार में निर्माणाधीन विवेकानंद फ्लाईओवर गिर गया था जिसमें सैकड़ों लोग दब गए थे। घटना में 21 लोगों के मरने की आधिकारिक पुष्टि राज्य सरकार की ओर से की गई थी जबकि 80 से अधिक लोग घायल हो गए थे। अब एक बार फिर इसी तरह की घटना कोलकाता में हुई है। 

Similar News