SwadeshSwadesh

लोकसभा में विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव को लेकर भाजपा ने अपने सांसदों को व्हिप जारी किया

Update: 2018-07-18 11:34 GMT

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार 20 जुलाई को लोकसभा में विपक्ष की ओर से मोदी सरकार के खिलाफ पेश होने वाले अविश्वास प्रस्ताव के मद्देनजर अपने सांसदों की सदन में मौजूदगी सुनिश्चित करने के लिए व्हिप जारी किया है।

भाजपा संसदीय दल के मुख्य सचेतक अनुराग ठाकुर ने पार्टी सांसदों को तीन लाइन का व्हिप जारी कर शुक्रवार को सदन में उपस्थित रहने को कहा है।

संसद के मानसून सत्र के पहले दिन लोकसभा में तेलूगु देशम पार्टी, कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों की ओर से दिए गए अविश्वास प्रस्ताव के नोटिस को अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने स्वीकार कर लिया है। उन्होंने 20 जुलाई को अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा कराने का फैसला किया है। शुक्रवार को प्रश्नकाल की कार्यवाही स्थगित कर पूरे समय अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा होगी। चर्चा के बाद मतदान कराया जाएगा। ऐसे में भाजपा ने अपने सभी सांसदों को व्हिप जारी कर पूरे दिन सदन में उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा है।

इसके साथ ही भाजपा ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के सभी घटक दलों को भी अपने-अपने सांसदों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए व्हिप जारी करने की सलाह दी है।

Similar News