SwadeshSwadesh

भाजपा अध्यक्ष ने किया मोदी के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का उद्धाटन

Update: 2019-09-14 14:07 GMT

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष एवं केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जीवन पर आधारित एक प्रदर्शनी का उद्धाटन किया। इस प्रदर्शनी में मोदी के बाल्यकाल से लेकर अब तक के जीवन तथा प्रधानमंत्री बनने तक के सफर को बड़े-बड़े होर्डिंग्स के जरिए दर्शाया गया है।

भाजपा मुख्यालय में शनिवार को इस प्रदर्शनी का उद्धाटन किया गया। इस अवसर पर शाह ने पं. दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। तत्पश्चात प्रदर्शनी का उद्धाटन किया। 'मोदी: कहानी भारत माता के सच्चे सपूत की' शीर्षक वाली इस प्रदर्शनी में 60 होर्डिंग लगाए गए हैं, जिन पर उनके बाल्यकाल से लेकर अब तक के जीवन के सफर को दर्शाया गया है। इनमें गरीबी से जूझने से लेकर पढ़ाई, संयासी जीवन, तीर्थ यात्राओं के बाद उनकी राजनीतिक यात्रा को शामिल किया गया है। यह प्रदर्शनी 20 सितम्बर तक चलेगी।

प्रधानमंत्री मोदी का अगले मंगलवार 17 सितंबर को जन्मदिन है और वह इस दिन 69 वर्ष के हो जाएंगे। भाजपा ने उनके जन्मदिन के अवसर पर 14 सितंबर से 20 सितंबर तक सेवा सप्ताह मनाने की घोषणा की है। इसकी शुरुआत शनिवार को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में झाडू लगाकर और मरीजों को फल वितरित कर के की। इस अवसर पर शाह और नड्डा के साथ पार्टी महासचिव अरुण सिंह, पार्टी के मीडिया विभाग के प्रमुख व राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी और प्रवक्ता डॉ. विजय सोनकर शास्त्री भी उपस्थित रहे।


Tags:    

Similar News