SwadeshSwadesh

श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर 06 जुलाई से शुरू होगा भाजपा का "सदस्यता अभियान"

शिवराज सिंह चौहान की अगुआई में पार्टी के सभी मोर्चे व प्रकोष्ठ होंगे सक्रिय

Update: 2019-06-14 20:36 GMT
File Photo

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव में भाजपा ने भले ही 303 का स्कोर पार कर लिया हो, पर पार्टी इस स्कोर से अभी संतुष्ट नहीं है, उसे इसके भी पार जाना है। अब तक पूर्वाेत्तर भारत में वह अपना करिश्मा दिखा चुकी है। इस कड़ी में वह पूर्व का एक छोर पश्चिम बंगाल तो दक्षिण का अंतिम छोर केरल तक अपने पैर पसार लेना चाह रही है। इस कठिन लक्ष्य को भेदने के लिए पार्टी ने अपने अनुभवी शख्सियत शिवराज सिंह को लगाया है। चौहान मध्य प्रदेश में 15 साल तक लगातार मुख्यमंत्री रहे हैं। वे पार्टी के राष्टीय उपाध्यक्ष भी हैं। उनकी लोकप्रियता विपक्षी दलों को लोहा मनवाती रही है। शिवराज सिंह चौहान जनता के बीच जाकर जिस तरह संवाद बनाते हैं, वह काबिलेगौर है। उनकी संवादकला को देखकर ही पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने उन्हें सदस्यता अभियान का संगठन प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी है।

चौहान ने अपनी योजना को मूर्तरूप प्रदान करने के लिए पूर्ण विश्वास प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह की अचूक रणनीति की बदौलत अभूतपूर्व सफलता मिली है, लेकिन अभी उसका सर्वश्रेष्ठ आना बाकी है। इस नई जिम्मेदारी के साथ ही माना जा रहा है कि पार्टी शिवराज सिंह चौहान को केंद्र में लाकर उनके अनुभवों का लाभ उठाएगी। छह जुलाई को श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती से पार्टी शिवराज सिंह चैहान की अगुआई में देशभर में सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, आंध्रप्रदेश, कश्मीर घाटी, ओडिशा, पांडिचेरी, लक्षदीप, तेलंगाना और सिक्किम में विशेष रूप से चलाया जाएगा। 16 से 31 अगस्त तक सक्रिय सदस्य बनाने का काम होगा।

नई जिम्मेदारी के तहत पार्टी की सदस्य संख्या में 20 प्रतिशत बढ़ोतरी करने की चुनौती है। वर्तमान में यह संख्या तकरीबन 11 करोड़ के आसपास बैठती है। तय शुदा लक्ष्य के मुताबिक शिवराज सिंह को दो करोड़ 20 लाख और नए सदस्यों को पार्टी के साथ जोड़ना होगा। 2015 में जो सदस्यता अभियान चला था और उसके परिणामस्वरूप इस बार हर बूथ पर भाजपा के सदस्य मौजूद थे। चैहान ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के लक्ष्य को दोहराते हुए कहा कि पार्टी का सर्वश्रेष्ठ आना अभी शेष है। शिवराज सिंह मानते हैं कि सरकार का मूल सबका साथ-सबका विकास और संगठन का मूल सर्वस्पर्शी और सर्वव्यापी भाजपा है। तभी इस सदस्यता अभियान संगठन पर्व का नाम दिया गया है। जिसे सभी बूथों पर चलाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति युवा वर्ग का दिल से जुड़ाव एक बड़ा फेक्टर है। इसी के चलते युवाओं के अलावा समाज के प्रतिष्ठित लोगों को भी पार्टी में शामिल किया जाना है। इस अभियान को धार देने के लिए प्रभारियों की सूची तैयार कर ली गई है। रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए 17 जून को एक बैठक आहूत की जा रही है जिसमें पार्टी अध्यक्ष अमित शाह का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। 24 जून तक प्रदेश प्रभारियों के साथ बैठक कर ली जाएगी। इस अभियान में पार्टी के सभी मोर्चे व प्रकोष्ठों को शामिल किया जाएगा।

Similar News