SwadeshSwadesh

J&K : कुपवाड़ा में एलओसी पर हिमस्खलन, दो जवान शहीद

हिमस्खलन और बर्फबारी ने मचाई तबाही, एक नागरिक की भी मौत

Update: 2019-11-07 16:24 GMT

कुपवाड़ा। केंद्र शासित जम्मू-कश्मीर में भारी बर्फबारी हो रही है। इस बीच जिला कुपवाड़ा में नियंत्रण रेखा पर गुरुवार को हिमस्खलन हुआ जिसकी चपेट में आने से दो जवान शहीद हो गए। भारी बर्फबारी की वजह से 100 से अधिक पेड़ भी गिरे हैं जिससे एक नागरिक की भी मौत हुई है।

जम्मू-कश्मीर में बुधवार की रात से अचानक मौसम बदल गया। पूरी रात बर्फबारी और भीषण बारिश होने के साथ नियंत्रण रेखा पर गुरुवार को हिमस्खलन हुआ। कुपवाड़ा में नियंत्रण रेखा पर स्थित एक सैन्य शिविर हिमस्खलन की जद में आ गया। उस समय शिविर में मौजूद दो जवान बर्फ की चपेट में आ गए। मौके पर मौजूद अन्य जवानों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू कर दिया। जब तक इन्हें बाहर निकाला गया, तब तक दोनों जवानों की मौत हो चुकी थी। शहीद जवानों की पहचान गनर अखिलेश कुमार पटेल और राइफलमैन भीम बहादुर पुन के तौर पर हुई है। उत्तरी कमान के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह ने दोनों जवानों की शहादत को सलाम करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। दोनों जवानों के पार्थिव शरीर पूरे सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव भेज दिए गए हैं। 

Tags:    

Similar News