SwadeshSwadesh

विस चुनाव : 10 बजे तक हरियाणा में 8.73 और महाराष्ट्र में 5.69 प्रतिशत मतदान

Update: 2019-10-21 07:17 GMT

नई दिल्ली। हरियाणा विधानसभा की 90 सीटों व महाराष्ट्र की 288 सीटों के लिए सोमवार की सुबह से मतदान जारी है। हरियाणा में सुबह 10 बजे तक 8.73 प्रतिशत और महाराष्ट्र में 5.69 फीसद मतदान हुआ है।पुणे में एक पोलिंग बूथ पर बिजली चली गई तो मोमबत्ती जलाकर वोटिंग प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया। सुबह सात बजे से शुरु हुई मतदान प्रक्रिया शाम छह बजे तक चलेगी। चुनाव के नजीते 24 अक्टूबर को आएगें।

हरियाणा के सबसे पिछड़े जिलों में शुमार नूंह मतदान में सबसे आगे चल रहा है। यहां सुबह दस बजे तक 16.15 फीसद मतदान हो चुका है। राजधानी चंडीगढ़ से सटे पंचकूला में अभी तक सिर्फ 2.46 फीसद मतदान हो सका है। 11.80 फीसद मतदान के साथ फतेहाबाद दूसरे और 11.49 फीसद मतदान के साथ सिरसा जिले के मतदाता तीसरे नंबर पर हैं।

हरियाणा की 90 सीटों पर एक करोड़ 83 लाख 90 हजार 525 मतदाता मतदान कर रहे है। इनमें 1 लाख 7 हजार 955 सर्विस वोटर शामिल हैं। राज्य में 98 लाख 78 हजार 42 पुरुष मतदाता, 85 लाख 12 हजार 231 महिला मतदाता और 252 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। चुनाव के लिए 29400 बैलेट यूनिट, 24899 कंट्रोल यूनिट और 27611 वीवीपैट मशीनों का उपयोग किया जा रहा है।

वहीं महाराष्ट्र विधानसभा की 288 सीटों के लिए स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से चुनाव कराने के लिए कड़े सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए गए हैं। राज्य की 46 निवार्चन क्षेत्रों के 96661 मतदान केन्द्रों पर करीब 1.35 लाख वीपीपैट मशीनें और 1.80 लाख ईवीएम लगाई गयी हैं। 

Tags:    

Similar News