SwadeshSwadesh

राजस्थान में अशोक गहलोत मुख्यमंत्री और सचिन पायलट होंगे उप मुख्यमंत्री

Update: 2018-12-14 11:45 GMT
Image Credit : Rajasthan PCC

नई दिल्ली। वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत राजस्थान के अगले मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट उपमुख्यमंत्री होंगे। दिल्ली में आयोजित एक प्रेसवार्ता में कांग्रेस के राजस्थान प्रभारी केसी वेणुगोपाल ने शुक्रवार को यहां इसकी जानकारी दी।

वेणुगोपाल ने बताया कि गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस विधायकों ने एकमत से प्रस्ताव पारित कर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को राजस्थान में नेतृत्व चुनने की जिम्मेदारी सौंपी थी। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने इस संबंध में पार्टी नेताओं और विधायकों से चर्चा कर निर्णय किया है कि अशोक गहलोत मुख्यमंत्री और सचिन पायलट उप मुख्यमंत्री होंगे। उनका मानना है कि राजस्थान को मिले अनुभव और गतिशील नेतृत्व से जनता की अपेक्षायें पूरी होंगी। उन्होंने कहा कि नेतृत्व चयन के बाद अब कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से मिलेगा और उसके बाद शपथ ग्रहण समारोह की जानकारी दी जाएगी।

मुख्यमंत्री बनने जा रहे वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि हम युवाओं को रोजगार दें और राज्य में सुशासन लायें। उन्होंने कहा कि वह स्वयं, सचिन पायलट और अन्य मंत्री राहुल की भावना के अनुरूप जनता के लिए काम करेंगे। पिछले पांच साल के भाजपा सरकार के कुशासन को समाप्त किया जाएगा। हमारी कई परियोजनाओं को पिछली सरकार ने बंद कर दिया था, उन्हें दोबारा शुरू किया जाएगा।

सचिन पायलट ने कहा कि तीन राज्यों में आया जनादेश राजनीति को बदलने वाला है, जिसमें कांग्रेस को एक बड़ी जिम्मेदारी मिली है। उनका मानना है कि 2019 में भी कांग्रेस और संप्रग मिलकर सरकार बनायेेगे। हम राज्य में विकास केन्द्रित जनभागीदारी वाली सरकार देंगे। घोषणापत्र लागू किया जाएगा। राज्य में उनका और अशोक गहलोत का जादू चला है और अब लोकसभा की तैयारी हो रही है। (हिस)

Similar News