SwadeshSwadesh

आगरा में भीषण दुर्घटना : यमुना एक्सप्रेस-वे से नीचे गिरी बस, 29 लोगों की मौत

मुख्यमंत्री योगी ने हादसे पर जताया दुख -पांच लाख मुआवजे का ऐलान

Update: 2019-07-08 05:06 GMT

आगरा। उत्तर प्रदेश की ताज नगरी आगरा में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। सोमवार तड़के अवध डिपो की जनरथ बस यमुना एक्सप्रेस-वे की रेलिंग तोड़ते हुए 50 फीट गहरे झरना नाले में जा गिरी। इस हादसे में 29 लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 लोग घायल हुए हैं। हादसे के वक्त बस में 40 से 50 लोग सवार थे। अभी तक हादसे की वजह का पता नहीं चल सका है। बस लखनऊ से दिल्ली जा रही थी। मौके पर डीएम और एसएसपी के साथ तमाम आला अफसर मौजूद हैं।

एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि लखनऊ से दिल्ली की तरफ जा रही बस यमुना एक्सप्रेस-वे पर रेलिंग तोड़ते हुए नाले में जा गिरी। हादसे में 29 लोगों की मौत हो गई है। इसमें एक 15 साल की लड़की, एक बच्चा और 27 पुरुष शामिल हैं।

एसएसपी ने बताया कि हो सकता है ड्राइवर को नींद की झपकी आने की वजह से हादसा हुआ हो। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन लगभग पूरा हो चुका है। लोगों के सामान से मृतकों की शिनाख्त करने की कोशिश की जा रही है।

आगरा के जिलाधिकारी एनजी रवि कुमार ने बताया बस स्पीड में होगी और चालक के नींद में होने की वजह से ये हादसा हुआ है। हादसा सुबह करीब साढ़े चार बजे हुआ। हादसे में घायल 18 लोगों को अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। यह जांच की जा रही है कि बस के नीचे और शव दबे हुए तो नहीं हैं।


मुख्यमंत्री योगी ने हादसे पर जताया दुख

इस भीषण सड़क हादसे का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यात्रियों की मौत पर दुख जताते हुए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को घायलों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।

पांच लाख मुआवजे का ऐलान

घटना के बाद उत्तर प्रदेश रोडवेज ने मुआवजे का ऐलान किया है। मृतकों के परिवार को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी।

Similar News